EPFO द्वारा उच्च वेतन पर पेंशन के लिए ऑनलाइन सुविधा, आवेदन तिथि बढ़ी; यह है अंतिम अवसर
ईपीएफओ कर्मचारियों को उच्च वेतन पर पेंशन प्राप्त करने के लिए पंद्रह दिनों के भीतर आवेदन जमा करने का अंतिम अवसर देता है और नियोक्ताओं को वेतन विवरण ऑनलाइन अपलोड करने के लिए तीन महीने का समय दिया जाता है।

नई दिल्ली: ईपीएफओ द्वारा उच्च वेतन पर पेंशन के लिए विकल्प/संयुक्त विकल्प के सत्यापन हेतु आवेदन जमा करने के लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
यह सुविधा माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिनांक 04 जून, 2022 के आदेश के अनुपालन में पात्र पेंशन भोगियों/सदस्यों के लिए है। यह सुविधा 26 फरवरी, 2023 को शुरू की गई थी और इसे केवल 03 मई, 2023 तक उपलब्ध रहना था। हालांकि, कर्मचारियों के अभ्यावेदन पर विचार करते हुए, पात्र पेंशन भोगियों/सदस्यों को आवेदन दाखिल करने के लिए पूरे चार महीने का समय प्रदान करने हेतु समय सीमा 26 जून, 2023 तक बढ़ा दी गई थी। 26 जून, 2023 तक विकल्प/संयुक्त विकल्प के सत्यापन के लिए 16.06 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं।
इस बीच, नियोक्ताओं और नियोक्ता संघों से कई अभ्यावेदन प्राप्त हुए हैं जिनमें आवेदक पेंशन भोगियों/सदस्यों के वेतन विवरण अपलोड करने के लिए समय अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया गया है। अनुरोध पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया गया है और नियोक्ताओं को 30 सितंबर, 2023 तक वेतन विवरण आदि ऑनलाइन जमा करने के लिए तीन महीने का अतिरिक्त समय दिया जा रहा है।
