NHAI: दुर्घटना संभावित स्थलों को सुधारने की पहल; पढ़िए क्या है पूरी ख़बर
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने अल्पावधि उपायों को लागू करते हुए दुर्घटना संभावित स्थलों को सुधारने की पहल की है।

नई दिल्ली: सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने पहल की है और अल्पावधि उपायों को लागू करते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना संभावित स्थलों को सुधारने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं।
इन दिशानिर्देशों के तहत, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निर्देशकों को संबंधित राज्य पुलिस प्रमुख या जिला सड़क सुरक्षा समिति द्वारा पहचान किए गए दुर्घटना संभावित स्थलों को प्रति स्थल अधिकतम 10 लाख रुपए की राशि से सुधारने का अधिकार दिया गया है।
प्रति स्थल 10 लाख रुपए से अधिक और 25 लाख तक की लागत वाले अल्पकालिक उपायों का अधिकार संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को सौंपा गया है।
अल्पावधि उपायों में अग्रिम चेतावनी देने वाले संकेतों में ज़ेबरा क्रॉसिंग, क्रैश बैरियर्स और रेलिंग, जंक्शन सुधार, सोलर लाइट/ब्लिंकर, सड़क संकेतक और यातायात नियंत्रण उपायों को लागू करने जैसी पैदल यात्री सुविधाओं को उपलब्ध कराना शामिल हैं।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा बेहतर करना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की एक सर्वोच्च प्राथमिकता है। एनएचएआई राष्ट्रीय राजमार्गों पर सभी यात्रियों के लिए सुरक्षित, सुचारू और निर्बाध यात्रा अनुभव सुनिश्चित कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
