श्री भूपेंद्र यादव; भारत अपनी श्रमशक्ति को सामाजिक सुरक्षा और अच्छा काम देने की प्रतिबद्धता के साथ अमृत काल की ओर बढ़ रहा है
केन्द्रीय श्रम और रोजगार तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने 13 जून, 2023 को जिनेवा में 111वें अंतरराष्ट्रीय श्रम सम्मेलन के पूर्ण अधिवेशन को संबोधित किया।

नई दिल्ली: केन्द्रीय श्रम और रोजगार तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने 13 जून, 2023 को जिनेवा में 111वें अंतरराष्ट्रीय श्रम सम्मेलन के पूर्ण अधिवेशन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी श्रमशक्ति को सामाजिक सुरक्षा और अच्छा काम प्रदान करने की प्रतिबद्धता के साथ अमृत काल की ओर बढ़ रहा है।
श्री यादव ने अंतरराष्ट्रीय श्रम सम्मेलन के मौके पर अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) के महानिर्देशक श्री गिल्बर्ट होंगबो से भी मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान जी20 की भारत की अध्यक्षता के तहत वैश्विक कौशल अंतराल के ईडब्ल्यूजी प्राथमिकता क्षेत्रों, गिग एवं प्लेटफॉर्म अर्थव्यवस्था और सामाजिक संरक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा के लिए स्थायी वित्तपोषण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। जिनेवा में, श्री यादव ने एरियाना पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर विनम्र श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
