रक्षा सचिव ने भारतीय वायुसेना की क्षमता वृद्धि के लिए अधिकार प्राप्त समिति की रिपोर्ट रक्षा मंत्री को सौंपी

रक्षा सचिव श्री राजेश कुमार सिंह ने 03 मार्च, 2025 को नई दिल्ली में रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह को भारतीय वायु सेना (आईएएफ) की क्षमता वृद्धि के लिए अधिकार प्राप्त समिति की रिपोर्ट प्रस्तुत की। समिति ने प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की है और अल्पकालिक, मध्यम और दीर्घकालिक कार्यान्वयन के लिए सिफारिशें की हैं ताकि भारतीय वायु सेना के वांछित क्षमता वृद्धि लक्ष्यों को इष्टतम तरीके से प्राप्त किया जा सके।
रिपोर्ट में एयरोस्पेस क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भरता’ को बढ़ावा देने के लिए निजी क्षेत्र द्वारा डी.पी.एस.यू. और डी.आर.डी.ओ. के प्रयासों को पूरक बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है। रक्षा मंत्री ने समिति के काम की सराहना की और निर्देश दिया कि सिफारिशों का समयबद्ध तरीके से पालन किया जाना चाहिए।
रक्षा मंत्री के निर्देश पर समिति का गठन सभी मुद्दों की समग्र जांच करने और एक स्पष्ट कार्य योजना तैयार करने के लिए किया गया था। इसकी अध्यक्षता रक्षा सचिव ने की, जिसमें वायु सेना के उप प्रमुख, सचिव (रक्षा उत्पादन), रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष, डीजी अधिग्रहण सदस्य और वायु सेना के उप प्रमुख सदस्य सचिव थे।
