नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना ने अपने सी-17 ग्लोबमास्टर विमान के ज़रिए हिंडन से 3 से 4 मई 2023 को आधी रात के दौरान उड़ान भरी। विमान रातभर की उड़ान के बाद सुबह जेद्दाह, सऊदी अरब पहुंचा। जेद्दाह से युद्धग्रस्त सूडान और वापस भारत पहुंचने तक के लिए विमान के नॉनस्टॉप उड़ान भरने हेतु जेद्दाह में इस विमान की आवश्यकता अनुसार ईंधन भरा गया। यह अपनी तरह का एक विशेष मिशन था जिसके जरिए 192 यात्रियों को वापस घर लाया गया। 
 
इनमें अधिकतर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग थे जो या तो एनआरआई, विदेशी नागरिक या ओसीआई (ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया यानी भारत के विदेशी नागरिक) थे। इन लोगों को जेद्दाह नहीं ले जाया जा सकता था इसलिए इन सभी लोगों को सीधा भारत भेजा गया ।
 

सूडान में ग्राउंड ऑपरेशन की पूरी अवधि के दौरान हालात को देखते हुए विमान के इंजन को चालू रखा गया था। इस ऑपरेशन के दौरान चालक दल को एक और आपात स्थिति का सामना करना पड़ा जब उड़ान के दौरान यात्रियों में से एक बेहोश हो गया परंतु इस स्थिति को चालक दल द्वारा तुरंत और कुशलता से संभाला गया। इस विमान को 4 मई 2023 की शाम को अहमदाबाद में उतारा गया और फिर इसे वही से सीधा वायु सेना के हिंडन स्थित होम बेस पर ले जाया गया।