एशियन गेम्स 2026: भारत ने बांग्लादेश को 3-0 से हराया, बैडमिंटन में क्वार्टरफाइनल में एंट्री
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने सोमवार को बांग्लादेश को 3-0 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी और किदंबी श्रीकांत ने अपने सिंगल्स मैच आसानी से जीत लिए। डबल्स मैच खेलने की जरूरत ही नहीं पड़ी।

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम ने सोमवार को बांग्लादेश को 3-0 से हराकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी और किदंबी श्रीकांत ने अपने सिंगल्स मैच आसानी से जीत लिए। डबल्स मैच खेलने की जरूरत ही नहीं पड़ी।
बैडमिंटन में भारत की धाक
इचिनोमिया सिटी म्यूनिसिपल जिमनैजियम में खेले गए मुकाबले में लक्ष्य सेन ने पहले मैच में अयमान इब्न जामन को 21-4, 21-12 से हराया। युवा खिलाड़ी ने पहले गेम में ही बांग्लादेशी खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया।
दूसरे मैच में आयुष शेट्टी ने गौरब सिंघा को 21-4, 21-13 से हराकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। दोनों ही मैचों में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा साफ दिखा।
तीसरे मैच में अनुभवी किदंबी श्रीकांत ने अल अमीन जुमर को 21-15, 21-9 से हराया। पहले गेम में थोड़ी चुनौती मिली, लेकिन दूसरे गेम में श्रीकांत ने पूरी तरह कंट्रोल कर लिया। इस जीत के साथ भारत 3-0 से आगे निकल गया और क्वार्टरफाइनल में पहुंच गया।
अगला मुकाबला मंगलवार को मेजबान जापान से होगा। जापान के खिलाफ जीत टीम को मेडल की गारंटी दे सकती है। भारत हैंगझोउ 2023 में इस इवेंट में सिल्वर मेडलिस्ट रहा था।
शूटिंग में मेडल की झड़ी
सोमवार को शूटिंग ने भी भारत का खाता और मजबूत किया। पुरुष 10 मीटर एयर राइफल इंडिविजुअल फाइनल में हिमांशु ढिल्लों ने सिल्वर और रुद्रांकष पाटिल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। इससे पहले दोनों खिलाड़ी पार्थ माने के साथ टीम इवेंट में सिल्वर जीत चुके थे। क्वालीफिकेशन में रुद्रांकष तीसरे, हिमांशु सातवें और पार्थ 11वें स्थान पर रहे थे।
अन्य खेलों में भी अच्छी खबर
मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तारियाल ने महिलाओं की ट्रेडिशनल 60 किलो कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। उन्होंने सेमीफाइनल में सिंगापुर की तेओ हुई हून से हार के बाद ब्रॉन्ज पक्का किया।
महिला हॉकी टीम ने पूल बी में इंडोनेशिया को 17-1 से हराया। पुरुष कबड्डी टीम ने ग्रुप ए में जापान को 49-23 से हराकर अच्छी शुरुआत की।
बॉक्सिंग में सुमित ने पुरुष 70 किलो के राउंड ऑफ 32 में बुंजोंग सिंसिरी को हराकर आगे बढ़े। महिला टेबल टेनिस टीम ने ग्रुप एफ में पाकिस्तान को 3-0 से हराया।
स्विमिंग में श्रीहरि नटराज पुरुष 50 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल के लिए क्वालीफाई हो गए। रिशभ दास रिजर्व में हैं। मणि आकाश और गितेश शाह 50 मीटर फ्रीस्टाइल फाइनल में नहीं पहुंच सके। धनुष सुरेश 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक फाइनल से बाहर रहे।
सॉफ्ट टेनिस में आद्या तिवारी और जय मीना ने मिक्स्ड डबल में कंबोडिया और मंगोलिया को हराया, लेकिन दक्षिण कोरिया और फिलीपींस से हारकर राउंड ऑफ 16 से बाहर हो गए।
वूशू में न्येमन वांगसू महिलाओं की चांगक्वान फाइनल में 15वें स्थान पर रहीं। पुरुष सेपक्ताक्रॉ टीम रेगू में भारत जापान से हार गया।
स्किट क्वालीफिकेशन के पहले दिन महिला वर्ग में रैजा ढिल्लों नौवें, परिनाज धालीवाल 14वें और महेश्वरी चौहान 16वें स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में अनंत जीत सिंह नरुका 21वें, मैराज खान 26वें और भवतेग सिंह गिल 27वें स्थान पर रहे।
भारत के लिए एशियन गेम्स 2026 का दिन शानदार रहा। बैडमिंटन में क्वार्टरफाइनल, शूटिंग में दो मेडल और कई टीमों की जीत ने उत्साह बढ़ा दिया है। जापान के खिलाफ बैडमिंटन क्वार्टरफाइनल में टीम की चुनौती अब और बड़ी हो गई है।
