नई दिल्ली :  भारत में देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस बड़ी ही तेजी से अपना विस्तार कर रही है। देश में एक नई वंदे भारत ट्रेन भारत के रेल गाड़ियों की सूचि में शामिल होने जा रही है। यह नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रैन हावड़ा से पुरी के बीच चलेगी। ओडिशा के लिए ये पहली वंदे भारत ट्रेन होगी। इस ट्रेन को 18 मई 2023 को पीएम मोदी एक वर्चुअल इवेंट के ज़रिए हरी झंडी दिखाएंगे। इसी के साथ ओडिशा को उसकी पहली वंदे भारत ट्रेन मिलने जा रही है। 
 
ओडिशा के पुरी से पश्चिम बंगाल के हावड़ा के बीच चलने वाली ये वंदे भारत एक्सप्रेस हावड़ा से पुरी के बीच गाड़ी संख्या- 22895 बनकर सुबह 6.10 बजे हावड़ा से निकलेगी और दोपहर 12.35 पर पुरी पहुंचेगी। वहीं, पुरी से हावड़ा के बिच गाड़ी संख्या 22896 बनकर ये ट्रैन दोपहर 1.50 बजे पुरी से निकलकर शाम 20.30 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
 
ये गाड़ी गुरुवार को छोड़कर हफ्ते में 6 दिन पुरी से हावड़ा और हावड़ा से पूरी के बीच चलेगी, इस दौरान ये गाड़ी पुरी से हावड़ा के बीच खुर्दा रोड, भुवनेश्वर, कटक, जजपुर-क्योंझर रोड, भद्रक, बालासोर और खड़गपुर पर रूकेगी।

पुरी हावड़ा मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ट्रायल रन 28 अप्रैल 2023 को हुआ था और यह ट्रायल सफल रहा था। इस ट्रेन का ट्रायल रूट हावड़ा से पुरी और फिर वहां से वापसी का था। ट्रायल रन के बाद ओडिशा के वाणिज्य और परिवहन मंत्री तुकुनी साहू ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से पुरी-हावड़ा, पुरी-राउरकेला और भुवनेश्वर-हैदराबाद मार्गों पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मांग की थी। सबसे पहले वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पहली बार साल 2019 में दिल्ली से वाराणसी के लिए शुरू की गई थी।