नई दिल्ली : प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 12 मई 2023 को गुजरात का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री करीब 10:30 बजे गांधीनगर में अखिल भारतीय शिक्षा संघ के अधिवेशन में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे गांधीनगर में करीब 4400 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे।  अपराह्न करीब 3 बजे प्रधानमंत्री गिफ्ट सिटी का दौरा भी करेंगे।

विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास
 
प्रधानमंत्री गांधीनगर में कार्यक्रम के दौरान 2450 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें नगर विकास विभाग, जलापूर्ति विभाग, सड़क एवं परिवहन विभाग और खान एवं खनिज विभाग की परियोजनाएं शामिल हैं।
 
जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा रहा है उनमें बनासकांठा जिले में बहु ग्राम पेयजल आपूर्ति योजनाओं का विस्तार, अहमदाबाद में रिवर ओवरब्रिज, नरोदा जीआईडीसी में जल निकासी संग्रह नेटवर्क, मेहसाणा और अहमदाबाद में सीवेज उपचार संयंत्र, दहेगाम में सभागार आदि भी शामिल हैं। जिन परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी, उनमें जूनागढ़ जिले में बल्क पाइपलाइन परियोजना, गांधीनगर जिले में जलापूर्ति योजनाओं का विस्तार, फ्लाईओवर पुलों का निर्माण, नए जल वितरण स्टेशन, विभिन्न नगर नियोजन सड़कें आदि शामिल हैं।
 
प्रधानमंत्री पीएमएवाई (ग्रामीण और शहरी) परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे, साथ ही इस योजना के तहत निर्मित लगभग 19,000 घरों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान वह इस योजना के लाभार्थियों को चाबियां भी सौंपेंगे। इन परियोजनाओं का कुल परिव्यय लगभग 1950 करोड़ रुपये है।
गिफ्ट सिटी में पीएम का दौरा
 
प्रधानमंत्री 'गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी' (गिफ्ट सिटी), गांधीनगर भी जाएंगे। यात्रा के दौरान वह गिफ्ट सिटी में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा करेंगे। गिफ्ट सिटी में उनके अनुभव और भविष्य की योजनाओं को समझने के लिए जीआईएफटी आइएफसी संस्थाओं के साथ बातचीत भी करेंगे। प्रधानमंत्री 'अंडरग्राउंड यूटिलिटी टनल' और 'ऑटोमेटेड वेस्ट कलेक्शन सेग्रीगेशन प्लांट' सहित शहर की प्रमुख बुनियादी सुविधाओं का भी जायजा लेंगे।
 
अखिल भारतीय शिक्षा संघ अधिवेशन
 
इस दौरे के आखिरी चरण में प्रधानमंत्री अखिल भारतीय शिक्षा संघ अधिवेशन में भाग लेंगे, जो अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ का 29वां द्विवार्षिक सम्मेलन है। इस सम्मेलन का विषय 'शिक्षक परिवर्तनकारी शिक्षा के केंद्र में' है।