नई दिल्ली: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आज यानी शुक्रवार 20 अगस्त को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गुजरात के सोमनाथ में कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाना है उनमें सोमनाथ सैरगाह, सोमनाथ प्रदर्शनी केंद्र और पुराने (जूना) सोमनाथ के मंदिर परिसर का पुनर्निर्माण शामिल है। कार्यक्रम के दौरान साथ ही साथ प्रधानमंत्री श्री पार्वती मंदिर की आधारशिला भी रखेंगे।
 
सोमनाथ प्रोमेनेड को PRASHAD (तीर्थयात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक, विरासत संवर्धन अभियान) योजना के तहत कुल 24 करोड़ की  लागत से विकसित किया गया है।
 
पुराने (जूना) सोमनाथ के पुनर्निर्मित मंदिर परिसर को श्री सोमनाथ ट्रस्ट द्वारा  कुल 3.5 करोड़ परिव्यय के साथ पूरा किया गया है। इस मंदिर को अहिल्याबाई मंदिर के रूप में भी जाना जाता है।
 
प्रस्तावित पार्वती मंदिर का निर्माण सोमपुरा सलात शैली में किया जाएगा। नए मंदिर में 380 वर्गमीटर का गर्भ गृह और 1250 वर्गमीटर का नृत्य मंडप होगा।
 
 
इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और केंद्रीय गृह मंत्री और सोमनाथ मंदिर के ट्रस्टी अमित शाह  तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये  मौजूद रहेंगे।