भारतीय राष्ट्रपति मुर्मु से वियतनाम के रक्षा मंत्री गियांग ने की मुलाकात; पढ़िए पूरी ख़बर
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से वियतनाम के रक्षा मंत्री जनरल फान वान गियांग ने 19 जून, 2023 को राष्ट्रपति भवन में भेंट की।

नई दिल्ली: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से वियतनाम के रक्षा मंत्री जनरल फान वान गियांग ने 19 जून, 2023 को राष्ट्रपति भवन में भेंट की।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने जनरल गियांग और उनके प्रतिनिधिमंडल का भारत आगमन पर स्वागत करते हुए कहा, "भारत और वियतनाम 2000 से अधिक वर्षों के सभ्यतागत और सांस्कृतिक संबंधों का एक समृद्ध इतिहास साझा करते हैं।" उन्होंने कहा कि वियतनाम भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और हमारे हिंद-प्रशांत विजन का एक प्रमुख भागीदार है।
उन्होंने कहा कि भारत-वियतनाम 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग, व्यापार और निवेश संबंधों, ऊर्जा सुरक्षा, विकास सहयोग, सांस्कृतिक और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों सहित द्विपक्षीय सहयोग की सीमा का विस्तार किया है। उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय रक्षा सहयोग दोनों देशों के बीच इस साझेदारी के सबसे मजबूत तत्वों में से एक है।
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की है कि भारत-वियतनाम रक्षा संबंध क्षमता निर्माण, उद्योग सहयोग, शांति स्थापना और संयुक्त अभ्यास सहित एक व्यापक दायरे में फैला हुआ है।
