नागपुर, 14 सितंबर 2026 – भारतीय विस्फोटक और खनन समाधान क्षेत्र की अग्रणी कंपनी सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया लिमिटेड के पूर्ण स्वामित्व वाली स्टेप-डाउन सहायक कंपनी सोलर एसए इन्वेस्टमेंट्स प्रॉप्राइटरी लिमिटेड ने दक्षिण अफ्रीका की ओमनिया होल्डिंग्स लिमिटेड के सभी बकाया शेयर खरीदने के लिए निश्चित समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। यह ऑल-कैश सौदा लगभग 1.355 अरब अमेरिकी डॉलर यानी करीब ₹12,951 करोड़ का है।

यह अधिग्रहण सोलर ग्रुप के वैश्विक विस्तार की दिशा में एक बड़ा और रणनीतिक कदम माना जा रहा है। ओमनिया होल्डिंग्स जोहान्सबर्ग स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध है और खनन तथा कृषि क्षेत्रों में नवाचारपूर्ण उत्पाद, समाधान और विशेष सेवाएं उपलब्ध कराती है। कंपनी की 73 साल की विरासत है और यह 23 देशों में भौतिक उपस्थिति के साथ 40 से अधिक देशों के ग्राहकों को सेवाएं देती है।

ओमनिया का मजबूत वित्तीय और परिचालन आधार

मार्च 31, 2026 को समाप्त वित्तीय वर्ष में ओमनिया ने लगभग 1.41 अरब अमेरिकी डॉलर (करीब ₹13,307 करोड़) का राजस्व दर्ज किया। कंपनी नेट कैश पॉजिटिव रही, जो उसकी वित्तीय अनुशासन और मजबूत स्थिति को दर्शाता है। ओमनिया के माइनिंग सेगमेंट (बीएमई ब्रांड के तहत) ओपन-कास्ट माइनिंग, बल्क एक्सप्लोसिव्स, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेशन सिस्टम, डिजिटल ब्लास्टिंग सॉल्यूशंस और माइनिंग केमिकल्स में गहरी विशेषज्ञता रखता है। कृषि सेगमेंट न्यूट्रियोलॉजी® मॉडल और एग्रीबायो जैविक समाधानों के जरिए टिकाऊ कृषि और खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा देता है।

सोलर ग्रुप की अफ्रीका में बढ़ती उपस्थिति

सोलर ग्रुप ने पिछले तीन दशकों में नवाचार, विश्वसनीयता और ग्राहक-केंद्रित समाधानों पर ध्यान केंद्रित करते हुए वैश्विक विस्फोटक उद्योग में मजबूत स्थिति बनाई है। कंपनी ने 2010 में जाम्बिया में मैन्युफैक्चरिंग सुविधा स्थापित कर SADC क्षेत्र में प्रवेश किया। 2015 में दक्षिण अफ्रीका में वितरण प्लेटफॉर्म शुरू किया और 2017 में मिडेलबर्ग में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट चालू की। 2024 में प्रोब्लास्ट के अधिग्रहण से इसकी उपस्थिति और मजबूत हुई।

अब ओमनिया का प्रस्तावित अधिग्रहण सोलर ग्रुप की SADC ग्रोथ यात्रा का अगला बड़ा पड़ाव है। इससे कंपनी की परिचालन, निर्माण और वितरण क्षमताएं काफी बढ़ जाएंगी। ओमनिया की एकीकृत मैन्युफैक्चरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, विशेष रूप से नाइट्रिक एसिड और अमोनियम नाइट्रेट उत्पादन सुविधाएं तथा हाल में जोड़ी गई 5,000 टन क्षमता वाली स्टोरेज टैंक, सोलर ग्रुप की वर्टिकल इंटीग्रेशन और कच्चे माल की सुरक्षा को मजबूत करेंगी।

रणनीतिक लाभ और भविष्य की संभावनाएं

यह सौदा सोलर ग्रुप को वैश्विक स्तर पर सबसे बड़े और सबसे एकीकृत एक्सप्लोसिव्स तथा ब्लास्टिंग सॉल्यूशंस प्लेटफॉर्म में से एक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। अफ्रीका के खनन बाजार में सोलर ग्रुप के राजस्व में बहु-गुना वृद्धि की उम्मीद है, जिसके लाभ FY2028 से अधिक स्पष्ट दिखाई देने लगेंगे। संयुक्त इकाई प्रौद्योगिकी नवाचार, व्यापक ग्राहक कवरेज, सप्लाई चेन रेजिलियंस और एडवांस्ड ब्लास्टिंग सॉल्यूशंस के विकास को तेज करेगी।

सोलर ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ मनीष नुवाल ने कहा, “ओमनिया एक ऐसी कंपनी है जिसकी माइनिंग और एग्रीकल्चर बिजनेस, डिफरेंशिएटेड टेक्नोलॉजी और ब्रांड्स तथा वर्षों से बने गहरे ग्राहक संबंधों की हम लंबे समय से प्रशंसा करते रहे हैं। यह प्रस्तावित लेन-देन हमें वैश्विक लीडर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। ओमनिया की बीएमई ब्रांड, वर्टिकली इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्षमताएं और अमोनियम नाइट्रेट प्रोडक्शन सोलर ग्रुप की एक्सप्लोसिव्स, इनिशिएटिंग सिस्टम्स और एडवांस्ड ब्लास्टिंग टेक्नोलॉजीज के साथ मिलकर सबसे एकीकृत ब्लास्टिंग प्लेटफॉर्म तैयार करेगी।”