SCO Summit: CHG बैठक में एस. जयशंकर करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व, जानें क्या होगा एजेंडा

नई दिल्ली: भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस समय पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में शामिल होने के लिए मौजूद हैं। एससीओ शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन, जयशंकर व्यापार और अर्थव्यवस्था से संबंधित वार्ता में भाग लेंगे। इससे पहले, मंगलवार को एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेने के दौरान, जयशंकर और मंगोलिया के प्रधानमंत्री लुव्सन्नामस्रेन ओयुन-एर्डीन के बीच द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा हुई। जयशंकर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तस्वीर भी साझा की।
शहबाज शरीफ से मिले एस. जयशंकर
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मंगलवार को एससीओ के सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के सम्मान में अपने आवास पर रात्रिभोज का आयोजन किया। इसी दौरान, शरीफ और जयशंकर ने एक-दूसरे का अभिवादन किया। जयशंकर और शरीफ ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और संक्षिप्त बातचीत की। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण संबंधों में किसी प्रकार की नरमी का कोई संकेत नहीं मिला।
सीएचजी की बैठक
पाकिस्तान ने कड़ी सुरक्षा के बीच एससीओ बैठक की मेज़बानी की है। मुख्य सम्मेलन बुधवार को होगा। एससीओ शासनाध्यक्ष परिषद (CHG) की 23वीं बैठक इस्लामाबाद में पाकिस्तान की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। यह बैठक संगठन के व्यापार और आर्थिक एजेंडे पर केंद्रित होती है और इसे सालाना आयोजित किया जाता है।
एस. जयशंकर करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
एससीओ शासनाध्यक्ष परिषद की बैठक में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। एससीओ सीएचजी की बैठक सालाना होती है और इसमें संगठन के व्यापार और आर्थिक एजेंडे पर ध्यान केंद्रित किया जाता है। भारत एससीओ की संरचना के तहत अनेक प्रणालियों और पहलों में सक्रियता से शामिल है।
