उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग 13 जून को पीसीएस प्री परीक्षा का आयोजन करेगी. इस परीक्षा से पहले आयोग ने पदों की संख्या में वृद्धि की है. पीसीएस 2021 प्रारंभिक परीक्षा के लिए 138 पद बढ़ाए गए हैं. अब पदों की संख्या बढ़कर 400 से 538 हो गई है. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को एसडीएम के 52 पदों का अधियाचन मिला. इसके अलावा भी कई विभागों ने अधियाचन भेजा, जिसके बाद पदों की संख्या बढ़ा दी गई है. 13 जून से पहले अगर आयोग को और भी अधियाचन मिलते हैं तो और भी पद बढ़ा दिए जाएंगे. 
 
इस भर्ती में एसडीएम के 52 पदों के अलावा डिप्टी एसपी के 16, सहायक नगर आयुक्त 10, खंड विकास अधिकारी 39, एआरटीओ 3, डीपीआरओ 4, अधीक्षक कारागार 9, उपनिबंधक 5, सहायक नियंत्रक विधिक माप विज्ञान ग्रेड-1 का एक, जिला प्रोबेशन अधिकारी एक, गन्ना निरीक्षक एवं सहायक चीनी आयुक्त एक, जिला गन्ना अधिकारी 3, सहायक निदेशक उद्यान 5, सहायक शोध अधिकारी के दो पद जोड़े गए हैं. 
 
पीसीएस भर्ती में पदों की संख्या के बढ़ने से कम्प्टिशन कम हुआ है. आवेदन की आखिरी तारीख 5 मार्च तक कुल 6,91,173 उम्मीदवारों ने इस परीक्षा के लिए अप्लाई किया था. पहले पदों की संख्या 400 होने पर एक सीट के लिए 1728 उम्मीदवार थे. लेकिन अब सीटों की संख्या बढ़कर 538 होने के बाद प्रत्येक सीट पर 1285 दावेदार हो गए हैं. इस हिसाब से कम्प्टिशन कम हुआ है. 
 
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पीसीएस 2021 के तहत शुरुआत में 400 और सहायक वन संरक्षक अधिकारी/क्षेत्रीय वन अधिकारी (एसीएफ व आरएफओ) के 16 पदों पर भर्ती निकाली थी. पीसीएस भर्ती के लिए 3 चरणों में परीक्षा होती है. पहले चरण में प्री परीक्षा का आयोजन किया जाता है, दूसरे चरण में मेन परीक्षा होती है और तीसरे चरण में उम्मीदवारों का इंटरव्यू होता है. सभी प्रक्रिया के बाद मेरिट के आधार पर उम्मीदवारों का फाइनल सेलेक्शन किया जाता है.