UP में 8वीं तक के लिए 4 अप्रैल तक बंद रहेंगे स्कूल, सीएम योगी ने दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश: कोरोनो वायरस के बढ़ते मामलों के बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए सभी स्कूलों को 4 अप्रैल तक बंद करने का आदेश दिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में अपने 5-कालिदास मार्ग निवास पर समीक्षा बैठक के दौरान नए निर्देश जारी किए हैं. एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, सीएम ने कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए स्कूलों को 4 अप्रैल तक बंद करने का निर्देश दिया है. इससे पहले 31 मार्च तक स्कूलों को बंद करने का निर्देश दिया गया था.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कोरोनो वायरस टीकाकरण में तेजी लाने का भी निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि टीकाकरण केंद्र द्वारा तय किए गए दिशा-निर्देशों और प्राथमिकता के अनुसार किया जाना चाहिए और कहा कि जिन सरकारी कर्मचारियों को टीका लगाया जाना है, उन्हें उस दिन छुट्टी देने की अनुमति दी जानी चाहिए.
सीएम ने कहा कि निजी क्षेत्र के कामगारों के लिए भी अवकाश की व्यवस्था की जाए. उन्होंने अधिकारियों से वृद्धाश्रम, अनाथालय, आवासीय विद्यालय और ऐसी अन्य जगहों पर ध्यान केंद्रित करने के साथ परीक्षण करने को कहा. आदित्यनाथ ने कहा कि पहले स्थापित समर्पित COVID अस्पतालों को फिर से सक्रिय किया जाना चाहिए.
योगी ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निगरानी समितियों को पूरी तरह सक्रिय करने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि हर गांव और वार्ड में निगरानी समितियां गठित की जायें. उन्होंने कहा कि सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों में सामाजिक मेल जोल से दूरी का पालन सुनिश्चित कराया जाए और मास्क के अनिवार्य उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाए.
