नई दिल्ली: विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (University Grant Commission) ने फरवरी-मार्च सत्र के लिए ओपन और डिस्टेंस लर्निंग मोड के तहत ऑनलाइन पाठ्यक्रमों (Online Courses) और अन्य पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 30 अप्रैल तक बढ़ा दी है. सभी विश्वविद्यालय और उच्च शिक्षण संस्थान जो ऑनलाइन कोर्स की पेशकश कर रहे हैं वर्तमान शैक्षणिक वर्ष के लिए उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन स्वीकार कर सकते हैं.
 
संबद्ध विश्वविद्यालयों को अपने संबंधित आधिकारिक वेबसाइटों पर अपने प्रवेश अधिसूचना को अपडेट करना होगा और 30 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन विंडो खोलनी होगी. प्रवेश यूजीसी डीईबी वेब पोर्टल पर स्वीकार किए जाएंगे. एक बार एप्लीकेशन विंडो बंद हो जाने पर, भाग लेने वाले विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को अपना प्रवेश विवरण पोर्टल पर 15 मई तक अपलोड करना होगा.
 
COVID-19 महामारी के कारण समस्याओं का सामना करने वाले उम्मीदवारों के लिए प्रवेश प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए प्रवेश तिथि को बढ़ाया गया है.
 
UGC सरकार के SWAYAM पोर्टल का उपयोग करके बड़े पैमाने पर ओपन ऑनलाइन पाठ्यक्रम (MOOCS) की पेशकश कर रहा है. इससे पहले दिसंबर, 2020 में UGC ने 78 स्नातक और 46 स्नातकोत्तर गैर-इंजीनियरिंग MOOCS कोर्सेज की घोषणा की थी.