पंजाब और पुणे में बंद हुए स्कूल, जानिए बोर्ड परीक्षा का क्या होगा
<p> राज्य के शिक्षामंत्री विजय इंदर सिंगला ने बताया कि स्कूली शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में ‘अध्ययन अवकाश’ की घोषणा कर दी है. मंत्री ने बताया, हालांकि, शिक्षक स्कूलों में उपस्थित रहेंगे और अगर किसी बच्चे को परीक्षा की तैयारी में मार्गदर्शन की जरूरत होगी तो वह स्कूल आ सकता है.</p>

नई दिल्ली: महाराष्ट्र (Maharashtra) और पंजाब (Punjab) दो ऐसे राज्य हैं जहां कोरोना के मालमों में लगातार वृद्धि हो रही है. कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर पंजाब के 4 और जिलों में नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है. इस हिसाब से कुल आठ जिलों लुधियाना, पटियाला, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, जालंधर, नवांशहर,कपूरथला और होशियारपुर में नाइट कर्फ्यू लगाया गया है. यहां स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है. राज्य के शिक्षामंत्री विजय इंदर सिंगला ने बताया कि स्कूली शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में ‘अध्ययन अवकाश’ की घोषणा कर दी है. मंत्री ने बताया, हालांकि, शिक्षक स्कूलों में उपस्थित रहेंगे और अगर किसी बच्चे को परीक्षा की तैयारी में मार्गदर्शन की जरूरत होगी तो वह स्कूल आ सकता है.
उन्होंने बताया कि वार्षिक परीक्षा कोविड-19 के सख्त दिशानिर्देशों के तहत ऑफलाइन कराई जाएगी. सिंगला ने बताया कि कोविड-19 दिशानिर्देशों का अनुपालन करते हुए परीक्षा कराने के लिए जल्द ही विस्तृत निर्देश जारी किए जाएंगे.
वहीं, महाराष्ट्र के पुणे जिले में कोविड-19 के मामलों में हाल में देखी गई वृद्धि के मद्देनजर जिला प्रशासन ने स्कूलों और कॉलेजों को 31 मार्च तक बंद रखने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही होटलों एवं रेस्तरांओं को खुला रखने के समय में भी कटौती की गई है.
पुणे के संभागीय आयुक्त सौरभ राव ने बताया कि नयी पाबंदियों के तहत स्कूल और कॉलेज 31 मार्च तक बंद रहेंगे जबकि होटलों एवं रेस्तरांओं को रात 10 बजे तक ही खोलने की अनुमति होगी और घर तक खाना पहुंचाने की सेवा रात 11 बजे तक ही मिलेगी.
उन्होंने कहा कि प्रशासन सुनिश्चित करेगा कि 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा की तैयारियां इसकी वजह से प्रभावित नहीं हों.
