जालंधर-कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए पंजाब सरकार ने 31 मार्च तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद करने की घोषणा की है।
 
इसके अलावा स्कूल और कॉलेजों में पहले से शेड्यूल परीक्षाओं को भी टाल दिया है। नई गाइडलाइंस के अनुसार राज्य के सिनेमा हाल में अब 50 प्रतिशत से ज्यादा लोगों के बैठने की अनुमति नहीं होगी और एक हॉल में 100 से ज्यादा लोग नहीं बैठ सकेंगे।
 
इसके अलावा कोरोना की वजह से 11 सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में घर पर 10 से ज्यादा मेहमानों को बुलाने पर मनाही रहेगी और राज्य में अगले 2 हफ्तों के लिए सभी तरह के सामाजिक आयोजन रोक दिए गए हैं। राज्य में अगले हफ्ते से हर शनिवार को दिन में 11 से 12 बजे के दौरान उन लोगों की याद में मौन रखा जाएगा जो कोरोना की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं और इस दौरान किसी भी गाड़ी के सड़क पर चलने की अनुमति नहीं होगी।
 
सिनेमाघरों, मल्टीप्लेक्स, रेस्तरां, मॉल आदि को रविवार को बंद रखने का आदेश 
 
अंतिम संस्कार और उसके बाद होने वाले तमाम कार्यक्रमों के साथ ही शादी समारोह में सिर्फ 20 लोगों के जुटने की अनुमति दी गई है। सभी जिलों में माइक्रो कंटेनमेंट इलाके बनाने की स्ट्रेटजी फिर से लागू करने का आदेश भी जारी किया गया है।
 
मुख्यमंत्री ने सिनेमाघरों, मल्टीप्लेक्स, रेस्तरां, मॉल आदि को रविवार को बंद रखने का आदेश दिया है, हालांकि होम डिलीवरी जारी रहेगी। उद्योगों और आवश्यक सेवाओं को कार्य करने की अनुमति दी जाएगी, लेकिन इन पर नजर रखी जाएगी और सारे नियमों का पालन किया जाएगा।
 
इसके साथ ही पंजाब के सभी सुविधाओं से संपन्न अस्पतालों को फिर से कोरोना के वार्ड और बेड लगाने के साथ ही गैर जरूरी सर्जरियों को फिलहाल टालने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा कांग्रेस ने 31 मार्च तक होने वाली सभी रैलियां टाल दी है।
 
-रोज़ाना की टेस्टिंग बढ़ कर 35 हजार की जाएगी।
-जिन जिलों में रात का कर्फ्यू है वहां रविवार को सिनेमा, मल्टीप्लैक्सों, रैस्टोरेंट, मॉल आदि भी बंद रहेंगे।
-नागरिकों को सिर्फ़ ज़रूरी सेवाओं के लिए ही दफ़्तरों में आने के लिए उत्साहित किया जाएगा।
 
 
 
 
(Anjul Tyagi)