नई दिल्ली: सरकारी नौकरी (Sarkari Naukri 2021) की तलाश कर रहे लोगों के लिए गुजरात में कई पदों पर वैकेंसी निकली हैं. गुजरात लोक सेवा आयोग (GPSC) ने 1200 से ज्यादा पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस वैकेंसी की जानकारी गुजरात लोक सेवा आयोग (Gujarat Public Service Commission) के अध्यक्ष दिनेश दासा ने दी है. सरकार मेडिकल, लॉ, एग्री (इंजीनियरिंग) और जनरल विषय से ग्रेजुएट्स किए छात्रों को भर्ती करने वाली है. इन पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया 16 मार्च से शुरू होगी. आवेदन करने की आखिरी तारीख 31 मार्च 2021 है. इस भर्ती के जरिए राज्य कर निरीक्षक के 243 पदों को भरा जाएगा. ये वैकेंसी ग्रेजुएट्स के लिए है, फिर चाहे आप किसी भी विषय से ग्रेजुएट हो इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं. आयोग इस भर्ती के लिए दिसंबर में लिखित या कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित करेगा. 
 
आयोग ने गुजरात चिकित्सा सेवा में 1,000 चिकित्सा अधिकारी पदों को भरने के लिए भी नोटिफिकेशन जारी किया है. आयोग इस भर्ती के लिए 7 सितंबर को एक लिखित परीक्षा का आयोजन करेगा. इस भर्ती के लिए MBBS वाले आवेदन कर सकेंगे. 
 
साथ ही आयोग गांधीनगर नगर निगम में पदों को भरने के लिए परीक्षा आयोजित करेगा. इस नौकरी के लिए आवेदन करने के लिए आवश्यक न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता चिकित्सा, इंजीनियरिंग और अन्य विभिन्न पाठ्यक्रमों में ग्रेजुएशन मांगा गया है. बता दें कि आयोग पहली बार नगर निगम की भर्ती प्रक्रिया का आयोजन कर रहा है. 
 
कैसे करें आवेदन?
आयोग द्वारा  निकाली गई इन भर्तियों के लिए इच्छुक उम्मीदवार आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट gpsc.gujarat.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे. आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को एप्लीकेशन फॉर्म में नाम, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल, शैक्षणिक विवरण और अन्य जानकारियां भरनी होगी. इसके बाद उम्मीदवारों को फोटो और साइन अपलोड कर एप्लीकेशन फीस जमा कर प्रक्रिया को पूरा करना होगा.