नई दिल्ली: NEET 2021 परीक्षा की तारीख इस सप्ताह जारी कर दी जाएगी. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एनटीए ने एग्जाम डेट तय कर ली है और जल्द ही इसकी घोषणा कर दी जाएगी. नीट परीक्षा की तारीख ऑफिशियल वेबसाइट ntaneet.nic.in पर जारी की जाएगी. स्टूडेंट्स ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर ही परीक्षा की तारीख चेक कर सकेंगे. परीक्षा से संबंधित हर जानकारी इस वेबसाइट पर ही आएगी. इस साल परीक्षा के पैटर्न में कोई बदलाव नहीं होगा. उच्च शिक्षा के सचिव, अमित खरे ने कहा कि इस तरह के संक्षिप्त नोटिस के साथ परीक्षा में बदलाव करना छात्रों के लिए अनुचित होगा और परीक्षा आयोजित करने में देरी नए सत्र को प्रभावित करेगी.
 
खरे ने कहा, ''हमारे विचार में, NEET को वर्ष में एक बार से अधिक आयोजित किया जाना चाहिए क्योंकि कई बार यह संभव है कि कुछ कारणों से, एक उम्मीदवार किसी विशेष प्रयास के लिए ठीक से ध्यान केंद्रित करने में सक्षम नहीं हो पाता, इसके कारण छात्र का एक वर्ष बर्बाद नहीं होना चाहिए. लेकिन कई परीक्षाएं पेन और पेपर मोड पर आयोजित नहीं की जा सकती हैं. इसे कंप्यूटर आधारित होना होगा.''
 
खरे ने आगे कहा कि कई बार और कंप्यूटर पर NEET UG कराने की योजना बनाने के लिए हमें हितधारकों के साथ परामर्श की आवश्यकता है क्योंकि JEE और NEET के बीच अंतर है. JEE सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों के लिए अनिवार्य नहीं है, जबकि NEET सभी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए अनिवार्य है. उन्होंने कहा कि यह भी मान लें कि एक जीव विज्ञान का छात्र कंप्यूटर के साथ सहज नहीं है, उन्हें अभ्यास करने और सीखने की आवश्यकता है. यही कारण है कि किसी भी बदलाव के लिए, हम छह से आठ महीने का नोटिस देंगे.