नई दिल्ली: NEET 2021 परीक्षा की तारीख जल्द ही जारी कर दी जाएगी. इस परीक्षा की तारीख इस सप्ताह ऑफिशियल वेबसाइट ntaneet.nic.in पर जारी की जाएगी. इस परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी. NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक एनटीए के डायरेक्टर जनरल विनीत जोशी ने कहा कि हम परीक्षा के लिए तैयार हैं और इस सप्ताह नीट परीक्षा की तारीख जारी कर दी जाएगी. उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि यह परीक्षा साल में 1 बार ही आयोजित की जाएगी. इससे पहले उच्च शिक्षा के सचिव, अमित खरे ने भी कहा था कि इस तरह के संक्षिप्त नोटिस के साथ परीक्षा में बदलाव करना छात्रों के लिए अनुचित होगा और परीक्षा आयोजित करने में देरी नए सत्र को प्रभावित करेगी.
 
NEET भारत में एकमात्र प्रवेश परीक्षा है जो एमबीबीएस और बीडीएस सहित स्नातक चिकित्सा कार्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए आयोजित की जाती है. NEET स्कोर का उपयोग एम्स और JIPMER संस्थानों सहित मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए किया जाता है. हर साल, 15 लाख से अधिक छात्र प्रवेश परीक्षा में उपस्थित होते हैं.
 
NEET परीक्षा का पैटर्न
NEET को कुल 720 अंकों के लिए एक पेन और पेपर आधारित परीक्षा के रूप में आयोजित किया जाता है. फिजिक्स और केमिस्ट्री सेक्शन में 180 मार्क्स हैं और बायोलॉजी (जूलॉजी और बॉटनी) सेक्शन में 360 मार्क्स अलॉट किए गए हैं. परीक्षा 180 मिनट के लिए आयोजित की जाती है. परीक्षा 11 भाषाओं - अंग्रेजी, हिंदी, असमिया, गुजराती, बंगाली, मराठी, ओडिया, कन्नड़, तमिल, तेलुगु और उर्दू में आयोजित की जाती है. आवेदन पत्र भरते समय प्रश्न पत्र के माध्यम का विकल्प चुनना होता है.