नई दिल्ली: NEET Exam 2021: नीट परीक्षा की तारीख  (NEET 2021 Exam Date) जारी कर दी गई है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने शुक्रवार देर रात नीट परीक्षा की तारीख घोषित की.  नीट परीक्षा का आयोजन 1 अगस्त को किया जाएगा. इस साल यह परीक्षा नई शिक्षा नीति (New Education Policy) के तहत कराई जा रही है. इसी के चलते यह परीक्षा 11 भाषाओं में होगी, जिनमें अंग्रेजी, हिंदी, असमिया, गुजराती, बंगाली, मराठी, ओडिया, कन्नड़, तमिल, तेलुगु और उर्दू शामिल हैं. 
 
एग्जाम डेट के जारी होने के बाद अब जल्द ही इस परीक्षा का नोटिफिकेशन (NEET 2021 Notification) जारी किया जाएगा. नोटिफिकेशन में एग्जाम के संबंध में हर जानकारी दी गई होगी. इसके बाद इस महीने ही रजिस्ट्रेशन (NEET 2021 Registration) की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी. इच्छुक स्टूडेंट्स ऑफिशियल वेबसाइट ntaneet.nic.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे.
 
बता दें कि नीट परीक्षा का आयोजन MBBS और BDS में एडमिशन के लिए किया जाता है. इस परीक्षा में पास होने वाले परीक्षार्थियों को देश के सरकारी और प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में संचालित एमबीबीएस व बीडीएस कोर्सेज में एडमिशन मिलता है. 
 
NEET परीक्षा हमेशा की तरह पेन एंड पेपर मोड में आयोजित की जाएगी. यह परीक्षा कुल 720 नंबर की होती है. फिजिक्स और केमिस्ट्री सेक्शन के 180 मार्क्स होते हैं और बायोलॉजी (जूलॉजी और बॉटनी) सेक्शन के 360 मार्क्स होते हैं. परीक्षा के लिए 180 मिनट का समय अलॉट रहता है. NEET प्रश्न पत्र में प्रत्येक सवाल के चार नंबर होते हैं. एग्‍जाम में नेगेटिव मार्किंग होती है और प्रत्येक गलत आंसर के लिए एक नंबर काटा जाता है.