महाराष्ट्र: Maharashtra MPSC Exam Date: महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की परीक्षा की तारीख घोषित कर दी गई है. गुरुवार को परीक्षा को स्थगित करने की घोषणा की गई थी, जिसके बाद छात्रों सड़कों पर उतर आए थे. परीक्षा स्थगित होने को लेकर सरकार को विपक्ष ने भी घेरा था, जिसके बाद आज परीक्षा की नई तारीख (MPSC New Exam Date) जारी कर दी गई है. महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग की परीक्षा अब 21 मार्च को आयोजित की जाएगी. इससे पहले यह परीक्षा 14 मार्च को होनी थी और कोरोना के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए इसे स्थगित कर दिया गया था. 
 
सरकार के फैसले का विपक्ष ने भी विरोध किया था. विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा था, “अगर परीक्षा से 72 घंटे पहले सरकार इसे स्थगित कर देती है, तो उन हजारों छात्रों पर क्या प्रभाव पड़ेगा जो वर्षों से तैयारी कर रहे हैं? यह असंवेदनशील है.”
 
जिसके बाद गुरुवार को खुद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा था कि एमपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा 22 मार्च तक आयोजित की जाएगी. ठाकरे ने कहा कि प्रारंभिक परीक्षा 14 मार्च से आठ दिनों के भीतर आयोजित की जाएगी. तारीखों की घोषणा शुक्रवार को की जाएगी, यह मेरा आपसे वादा है. ठाकरे ने कहा कि परीक्षाओं को स्थगित किये जाने के परिणामस्वरूप किसी भी छात्र को उम्र के आधार पर परीक्षा देने से रोका नहीं जाएगा.
 
आपको बता दें कि इस परीक्षा के जरिए विभिन्न विभागों में 200 पदों पर भर्तियां की जानी हैं. यह परीक्षा अब तक 5 बार स्थगित की जा चुकी है. परीक्षा के लिए 2 लाख 60 हजार उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. उम्मीदवारों के चयन के लिए प्री और मेन परीक्षा होती है. प्री परीक्षा में 2 ऑब्जेक्टिव टाइप पेपर होंगे जिन्हें पास करने वाले उम्मीदवारों को मेन परीक्षा में भाग लेने का मौका मिलेगा.