मध्य प्रदेश: बढ़ते COVID-19 मामलों के मद्देनजर, मध्य प्रदेश सरकार ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 15 अप्रैल, 2021 तक बंद करने का फैसला किया है. इससे पहले, राज्य सरकार ने सभी शैक्षणिक संस्थानों को 31 मार्च, 2021 तक बंद रखने की घोषणा की थी. स्कूल एजुकेशन डिपार्टमेंट ने ट्वीट कर लिखा, ''#COVID19 के संक्रमण में विगत दिनों में हो रही वृद्धि को दृष्टिगत रखते हुए सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूल कक्षा 1 से 8वीं तक कक्षाओं को दिनांक 15 अप्रैल 2021 तक बंद रखेंगे. कक्षा 9 से 12वीं तक की कक्षाओं के लिए पूर्व में जारी किये गये निर्देश यथावत रहेंगे.''
 
मध्य प्रदेश सरकार ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं के आधार पर 18 दिसंबर से कक्षा 10 और 12 के छात्रों के लिए स्कूलों को फिर से खोल दिया था. छात्र अपने माता-पिता की सहमति से स्कूलों में उपस्थित हो सकते हैं. विभाग ने स्कूलों को COVID-19 दिशानिर्देशों का पालन करने के लिए कहा था, जिसमें उचित स्वच्छता, मास्क का उपयोग और सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखना शामिल है.
 
हाल ही में, मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा विभाग ने कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों को संशोधित किया है. कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाएं अब 30 अप्रैल से 19 मई तक होंगी और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं 1 मई से 21 मई तक होंगी. इससे पहले, कक्षा 10 की परीक्षाएं 15 मई को समाप्त होनी थीं और कक्षा 12 की परीक्षाएं 18 मई को समाप्त होने वाली थीं.