JEE Main 2021 परीक्षा के टॉपर ने बताई सफलता की कहानी
<p> जेईई मेन (JEE Main 2021) फरवरी सेशन में 6 छात्रों ने टॉप 6 में जगह बनाई थी. अहमदाबाद के अनंत किदांबी, उन 6 छात्रों में से एक हैं जिन्होंने 100 प्रतिशत परफेक्ट स्कोर हासिल किया है. </p>

नई दिल्ली: जेईई मेन (JEE Main 2021) फरवरी सेशन में 6 छात्रों ने टॉप 6 में जगह बनाई थी. अहमदाबाद के अनंत किदांबी, उन 6 छात्रों में से एक हैं जिन्होंने 100 प्रतिशत परफेक्ट स्कोर हासिल किया है. अनंत ने कहा कि वह परीक्षा के लिए रोजाना दस घंटे पढ़ाई करते थे. उन्होंने कहा, "मैंने रोजाना 10 घंटे पढ़ाई की. मेरे परिवार ने वातावरण को सक्षम बनाया जिसके कारण मेरा फोकस बना रहा.'' अनंत किदांबी आईआईटी बॉम्बे में प्रवेश पाने और सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग को एक करियर के रूप में आगे बढ़ाने की इच्छा रखते हैं. उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता बहुत सहयोगी रहे हैं और हमेशा उन्हें प्रेरित किया है. उनकी मां अरविंदा किदांबी ने कहा कि उन्होंने पढ़ाई के लिए कभी उन पर दबाव नहीं बनाया.
अनंत की मां कहती हैं, "हमने उस पर कभी दबाव नहीं डाला. हम गैजेट्स से दूर रहे, इसलिए उसने भी ऐसा ही किया.'' अनंत किदांबी ने कहा कि वह सोशल मीडिया से दूर रहे और जेईई मेन के लिए पिछले चार वर्षों से कड़ी मेहनत कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ''मैं सोशल मीडिया से दूर रहा. लेकिन कोरोना वायरस के कारण, मुझे ऑनलाइन पढ़ाई करनी पड़ी, इसलिए मैंने व्हाट्सएप और टेलीग्राम का उपयोग केवल पढ़ाई के लिए किया.''
अनंत किदांबी ने कक्षा 10 में 94.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे, इसके अलावा, उन्होंने कक्षा 8 और कक्षा 9 में जूनियर साइंस (NSEJS) में राष्ट्रीय मानक परीक्षा के पहले चरण को पास किया था. बता दें कि JEE Main की परीक्षा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा फरवरी में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IIT) और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (NIT) में प्रवेश के लिए आयोजित की गई थी. इस परीक्षा का रिजल्ट सोमवार को जारी किया गया था. परीक्षा 23, 24, 25 और 26 फरवरी को देश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी.
ऐसा पहली बार है जब 13 भाषाओं में यह परीक्षा आयोजित की गई. इसमें असमी, बंगाली, कन्नड़, मलयालम, मराठी, उड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु, उर्दू, हिंदी, अंग्रेजी और गुजराती शामिल है.
