नई दिल्ली: जेईई मेन 2021 (JEE Main 2021) फरवरी सेशन में यूपी टॉप करने वाली पाल अग्रवाल (JEE Main UP Topper Pal Agarwal) के लिए टॉपर बनना सितारों तक पहुंचने के बराबर है. सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल, वसुंधरा, गाजियाबाद में पढ़ने वाली छात्रा अंतरिक्ष यात्री बनने की इच्छा रखती हैं. उनकी उम्र महज 17 साल है. पाल ने 99.98 परसेंटाइल हासिल किए थे लेकिन उनका लक्ष्य अगली परीक्षा में 100 परफेक्ट स्कोर हासिल करना है.
 
TOI के मुताबिक पाल कहती हैं, ''मैं एक बार फिर से टेस्ट लिखना चाहती हूं और पूरे 100 स्कोर हासिल करना चाहती हूं. मैंने उन सेक्शन के बारे में जान चुकी हूं जहां मैं अच्छी तरह से तैयार नहीं थी. मैं इसे एक और कोशिश देना चाहती हूं. मुझे इस साल 100 प्रतिशत स्कोर हासिल करना है. मेरा सपना एक अंतरिक्ष यात्री बनना है और मैं आईआईटी-बॉम्बे में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग का अध्ययन करना चाहती हूं. अन्य विकल्प IISc में अंतरिक्ष अनुसंधान के लिए जाना है.''
 
कक्षा 12 में पढ़ने वाली पाल ने कहा कि वह रोजाना लगभग 17 घंटे पढ़ाई करती हैं. उन्होंने कहा, ''मैं छह घंटे सोती हूं और 17 घंटे पढ़ाई करती हूं. मेरी सफलता की कुंजी मेरा ध्यान केंद्रित करने और समय का प्रबंधन करने की क्षमता रही है. मुझे पढ़ाई करना पसंद है.''
 
छात्रा की मां ने कहा, ''एक छात्र की भावनात्मक स्थिति सीधे पढ़ाई को प्रभावित करती है. बातचीत, संगीत और बच्चों को उनके भावनात्मक मुद्दों को सुलझाने से उनके फोकस में सुधार हो सकता है. पाल को मोबाइल फोन पर गेम खेलने या स्क्रीन से चिपके रहने की आदत नहीं है. एक स्वस्थ दिनचर्या उसके शैक्षणिक प्रदर्शन को दर्शाती है.''