नई दिल्ली: जेईई मेन 2021 (मार्च) परीक्षा (JEE Main 2021 March Exam) शुरू हो गई है. दूसरा सत्र आज बीटेक और बीई उम्मीदवारों के लिए शुरू हुआ. परीक्षा दो पालियों में सुबह 9 से 12 बजे और दोपहर 3 से 6 बजे तक आयोजित की जा रही है. उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड के साथ परीक्षा केंद्र सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म लेकर पहुंचना होगा. जेईई मेन परीक्षा देश और विदेश के 331 शहरों में स्थित 852 परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जा रही है. परीक्षा COVID-19 मानदंडों के अनुसार आयोजित की जाएगी. छात्रों, परीक्षा कर्मचारियों के लिए फेस मास्क पहनना अनिवार्य है.
 
इससे पहले NTA ने JEE मेन मार्च सत्र के लिए तारीखों को संशोधित किया था. परीक्षाएं पहले 15 मार्च से 18 मार्च के बीच चार दिनों के लिए निर्धारित की गई थीं. अब, परीक्षाएं 16 मार्च से 18 मार्च तक आयोजित की जा रही हैं. पेपर 6 पालियों में चलेंगे.
 
जेईई मेन परीक्षा का पहला सत्र 23 से 26 फरवरी तक आयोजित किया गया था, और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने 8 मार्च को अपना रिजल्ट घोषित किया था. छह उम्मीदवारों ने जेईई मेन फरवरी की परीक्षाओं में 100 प्रतिशत परफेक्ट स्कोर हासिल किया था. 
 
बता दें कि जेईई मेन में एनटीए की भूमिका परीक्षा आयोजित करना, रिजल्ट घोषित करना और ऑल इंडिया रैंक लिस्ट तैयार करना है. JEE मेन रिजल्ट के आधार पर, NIT, IIIT और अन्य भाग लेने वाले संस्थानों को प्रवेश दिया जाता है. यह जेईई एडवांस के लिए योग्यता परीक्षा भी है.