गुरुग्राम में छात्रों ने ऑनलाइन परीक्षा की मांग करते हुए किया प्रदर्शन, कॉलेज के आश्वासन के बाद खत्म हुआ विरोध
<p> प्रदर्शनकारी छात्र <strong>COVID-19</strong> के कारण ऑनलाइन परीक्षा की मांग कर रहे थे. कॉलेज प्रबंधन के आश्वासन के बाद छात्रों ने आधे घंटे के भीतर अपना विरोध समाप्त कर दिया. </p>

गुरुग्राम: गुरुग्राम के द्रोणाचार्य गवर्नमेंट कॉलेज के सैकड़ों छात्र शुक्रवार को कॉलेज के सामने एक जुट हो गए जिसके कारण सड़क पर भारी जाम लगा रहा. प्रदर्शनकारी छात्र COVID-19 के कारण ऑनलाइन परीक्षा की मांग कर रहे थे. कॉलेज प्रबंधन के आश्वासन के बाद छात्रों ने आधे घंटे के भीतर अपना विरोध समाप्त कर दिया.
द्रोणाचार्य कॉलेज के प्रिंसिपल वीरेंद्र अत्री ने कहा, ''ऑफ़लाइन परीक्षा के बारे में छात्रों के बीच भ्रम था. गुरुग्राम विश्वविद्यालय के परिपत्र के अनुसार, छात्र ऑफ़लाइन या ऑनलाइन मोड में परीक्षा दे सकते हैं और यह उन पर निर्भर करता है. भ्रम की स्थिति रोहतक में महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी द्वारा दिए गए निर्देश के कारण पैदा हुई. वहां यूनिवर्सिटी के अपने सर्कुलर में निर्देश दिया कि केवल कोविड-19 संक्रमित छात्र और अन्य राज्यों के छात्र ही ऑनलाइन परीक्षा दे सकते हैं. हम जल्द ही छात्रों को गूगल कंसेंट फॉर्म जारी करेंगे और उन्हें ऑनलाइन परीक्षा के बारे में सूचना देंगे.''
छात्र पहले और दूसरे वर्ष की सेमेस्टर परीक्षाओं को ऑफलाइन मोड में आयोजित करने का विरोध कर रहे थे. प्रदर्शन कर रहे एक छात्र ने कहा, "महाविद्यालय प्रबंधन ने हमें ऑनलाइन परीक्षा के बारे में सूचित किया है. वे जल्द ही इसके लिए कंसेंट फॉर्म भी शेयर करेंगे. हमें ऑनलाइन परीक्षा देने में कोई समस्या नहीं है."
वीरेंद्र अत्री ने आगे कहा, "हम लंबित पड़ी सेमेस्टर परीक्षा आयोजित करने के लिए यूजीसी के निर्देशों का पालन कर रहे हैं. वहीं परीक्षाएं यूनिवर्सिटी के निर्देशों के अनुसार ली जाएंगी.''
