हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश में शैक्षणिक संस्थान 15 अप्रैल तक बंद रहेंगे. राज्य में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है. राज्य सरकार ने पहले 27 मार्च से 4 अप्रैल तक स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया था, लेकिन अब इसे 15 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के तीन जिले जैसे ऊना, कांगड़ा और सोलन इन दिनों बड़ी संख्या में नए COVID​​-19 मामले दर्ज कर रहे हैं.
 
 
राज्य सरकार ने पहले ही सामाजिक समारोहों पर कुछ प्रतिबंध लगा दिए हैं और मास्क पहनने का सख्त प्रवर्तन शुरू कर दिया है. सीएम ने कहा कि होटल व्यवसायियों को COVID-19 दिशानिर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है. हिमाचल प्रदेश में फिलहाल 3221 उपचराधीन मरीज हैं. प्रदेश में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 64,014 हो गयी है और 1,039 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है.
 
 
आपको बता दें कि दिल्ली में भी स्कूलों को बंद कर दिया गया है. दिल्ली सरकार ने सभी स्कूलों से कहा है कि अगले आदेश तक नए अकादमिक सत्र में किसी भी कक्षा के छात्रों को न बुलाया जाए. शिक्षा निदेशालय ने नोटिस जारी कर कहा कि अकादमिक सत्र 2021-22 के लिए पढ़ाई डिजिटल मोड से कराई जाए. शिक्षा निदेशालय (DoE) की आदेश के अनुसार 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र ही स्कूल आ सकते हैं. ये छात्र अपने अभिभावकों की मंजूरी लेकर परीक्षाओं, प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट वर्क और इंटर्नल असेसमेंट संबंधी कार्यों के लिए स्कूल आ सकेंगे.