नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मार्च सत्र के जेईई मेन परीक्षा का रिजल्ट (JEE Main 2021 Result) जारी कर दिया है. दिल्ली की काव्या चोपड़ा (JEE Main 2021 Topper Kavya Chopra) ने जेईई मेन 2021 मार्च के प्रयास में न केवल 100 प्रतिशत स्कोर किया है, बल्कि वह प्रवेश परीक्षा में 300 में से 300 अंक हासिल करने वाली पहली महिला उम्मीदवार भी बन गई हैं. फरवरी के प्रयास में चोपड़ा ने 99.97 प्रतिशत का स्कोर किया था. वह अब जेईई एडवांस्ड 2021 (JEE Advanced 2021) की तैयारी कर रही हैं और उनका उद्देश्य आईआईटी दिल्ली या आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई करना है.
 
उन्होंने कहा, "फरवरी के प्रयास में मैंने 99.97 पर्सेंटाइल स्कोर किया था, लेकिन मेरा लक्ष्य 99.98 पर्सेंटाइल से अधिक स्कोर करना था, इसलिए मैंने जेईई मेन मार्च परीक्षा दी. मेरे पहले प्रयास में, फिजिक्स और रसायन विज्ञान पर अधिक ध्यान केंद्रित किया गया था, हालांकि, मैंने रसायन विज्ञान के पेपर में कम स्कोर किया था. फरवरी और मार्च की परीक्षाओं के बीच पिछले 15 दिनों के दौरान, मैंने रसायन विज्ञान सेक्शन पर ध्यान केंद्रित किया था.''
 
चोपड़ा ने कहा कि उन्होंने अभ्यास के लिए NCERT और पिछले वर्षों के सैंपल पेपर की मदद ली थी. 15 दिनों के दौरान मैंने रसायन विज्ञान के लिए NCERT की बुक्स से तैयारी की. इससे मार्च के प्रयास में मेरे स्कोर को बेहतर बनाने में मदद मिली. उन्होंने कहा कि मूर्खतापूर्ण गलतियों से बचने और कम करने का एकमात्र तरीका 'अभ्यास करना' है.