नई दिल्ली: CMAT 2021 परीक्षा कल यानी 31 मार्च को 2 शिफ्टों में आयोजित की जाएगी. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी इस परीक्षा का आयोजन देश भर के 153 केंद्रों पर करेगी. CMAT 2021 परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा. पहली शिफ्ट सुबह 9 से 12:30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से 6:30 बजे तक आयोजित की जाएगी. इस परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार ऑफिशियल वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. CMAT परीक्षा का आयोजन देश भर में 1000 से अधिक बिजनेस स्कूल में MBA/ PGDM कोर्स में एडमिशन के लिए होता है. बता दें कि पिछले साल कुल 74,486 छात्र इस परीक्षा में शामिल हुए थे.
 
यह परीक्षा उत्तर प्रदेश के आगरा, इलाहाबाद, बरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, ग्रेटर नोएडा, कानपुर, लखनऊ, मेरठ और वाराणसी में कराई जाएगी. वहीं राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, कोटा, सीकर और उदयपुर में होगी. इसके अलावा मध्यप्रदेश में भोपाल, ग्वालियर, सागर, इंदौर और जबलपुर में वहीं बिहार के भागलपुर, दरभंगा, गया, मुजफ्फरपुर, और पटना में इस परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. इसके अलावा दिल्ली एनसीआर और अन्य कई बड़े शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.
 
CMAT 2021 Exam Guidelines: इन बातों का रखें ध्यान
 
– उम्मीदवारों को निर्धारित समय से कम से कम एक घंटे पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने की सलाह दी जाती है.
– परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए, उम्मीदवारों को पहचान प्रमाण के साथ अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा. हैंड सैनिटाइजर, पारदर्शी बोतलों में पानी की अनुमति पिछले साल दी गई थी.
– एग्जाम हॉल के अंदर किसी भी प्रकार के बैग की अनुमति नहीं होगी.
– रफ वर्क के लिए उम्मीदवारों को एक खाली पेपर और पेन/पेंसिल दी जाएगी. हालांकि, एग्जाम खत्म होने के बाद पेपर को वापस निरीक्षक को देना होता है. पेपर पर उम्मीदवार को अपना नाम और रोल नंबर लिखना होगा.
– उपस्थिति की जांच के दौरान, उम्मीदवारों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके साइन और फोटो ठीक से अटैच हैं.