बिहार: बिहार बोर्ड ने 26 मार्च को 12वीं की परीक्षा का रिजल्ट जारी किया था. 12वीं के जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं है वे अब स्क्रूटनी के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. स्क्रूटनी के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है. ऐसे में अगर आपको लगता है कि किसी विषय में आपके अंक कम हैं तो आप स्क्रूटनी के लिए अप्लाई कर सकते हैं. ऐसा करने से आपके नंबर बढ़ सकते हैं. बिहार बोर्ड द्वारा जारी नोटिस के मुताबिक इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2021 में शामिल छात्र यदि अपने किसी भी विषय के प्राप्तांक से संतुष्ट नहीं हैं तो वे अपने उस विषय की उत्तरपुस्तिका की स्क्रूटिनी हेतु वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. स्क्रूटनी के लिए हर साल की तरह इस साल भी प्रति विषय 70 रुपये की फीस निर्धारित की गई है. स्क्रूटनी के लिए रजिस्ट्रेशन करने की आखिरी तारीख 7 अप्रैल 2021 निर्धारित की गई है. 
 
 
 
 
Bihar Board Scrutiny 2021 के लिए ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
 
- स्क्रूटनी के लिए स्टूडेंट्स बिहार बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in पर जाएं.
- वेबसाइट पर दिए गए Scrutiny के लिंक पर क्लिक करें.
- मांगी गई जानकारी सबमिट करें.
- अपना विषय चुने.
- फीस का भुगतान कर प्रक्रिया को पूरा कर लें.
 
 
 
 
आपको बता दें कि बिहार बोर्ड ने 21 दिनों में 12वीं का रिजल्ट जारी कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है. इस साल बिहार बोर्ड का रिजल्ट पिछले साल की तरह ही सबसे पहले जारी किया गया है. बिहार बोर्ड की इंटर परीक्षा में इस साल कुल 78.04 फीसदी छात्र पास हुए हैं. बिहार बोर्ड कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 80.57 फीसदी लड़कियां पास हुई हैं और 75.71 फीसदी लड़के पास हुए हैं. ये परीक्षा 13 लाख से अधिक छात्रों ने दी थी. इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी है.