अविनाश साबले और तेजस्विन शंकर के विदेशों में प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा के प्रस्तावों को MOC ने दी मंजूरी
बैठक के दौरान एमओसी ने जंपर्स जेसविन, प्रवीण चित्रवेल और टी. सेल्वा प्रभु के क्रमशः ग्रीस, इटली और फ्रांस में प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी।

नई दिल्ली : युवा मामले और खेल मंत्रालय (एमवाईएएस) के मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) ने राष्ट्रमंडल खेलों (सीडब्ल्यूजी) के पदक विजेता अविनाश साबले और तेजस्विन शंकर के विदेशों में प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा करने के प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान कर दी है।
अविनाश साबले जो वर्तमान में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) फंडिंग के तहत कोलोराडो स्प्रिंग्स में प्रशिक्षण ले रहे है वो रबात डायमंड लीग से पहले 8 दिनों के प्रशिक्षण शिविर के लिए रबात, मोरक्को जाएंगे। तेजस्विन शंकर फ्रीपोर्ट, बहामास और फिर बाद में -टक्सन एरिज़ोना जाएंगे और USATF थ्रो फ़ेस्टिवल और एरिज़ोना में NACAC न्यू लाइफ इनविटेशनल में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
बैठक के दौरान एमओसी ने जंपर्स जेसविन, प्रवीण चित्रवेल और टी. सेल्वा प्रभु के क्रमशः ग्रीस, इटली और फ्रांस में प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी।
वहीं जेसविन एथेंस, ग्रीस में प्रशिक्षण लेंगे और फिर अंतर्राष्ट्रीय जम्पिंग मीटिंग "फ़िलाहट्लिटिकोस कल्लिथिया" और वेनिज़ेलिया - चानिया इंटरनेशनल मीटिंग में प्रतिस्पर्धा करेंगे। प्रवीण पहले एथेंस, ग्रीस में प्रशिक्षण लेंगे, अंतर्राष्ट्रीय जंपिंग मीटिंग "फ़िलाहट्लिटिकोस कल्लिथिया" में प्रतिस्पर्धा करेंगे और फिर फ्लोरेंस इटली में "गोल्डन गाला डायमंड लीग" की तैयारी के लिए जाएंगे।
सभी एथलीटों के खर्चों को टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) फंडिंग के तहत कवर किया जाएगा और अन्य खर्चों के अलावा उनका विमान किराया, वीजा शुल्क, चिकित्सा बीमा, स्थानीय परिवहन लागत, बोर्डिंग और लॉजिंग शुल्क और आउट ऑफ पॉकेट अलाउंस (ओपीए) के तहत कवर किया जाएगा।
