Women’s T20 World Cup 2024 में सभी पुरस्कार विजेताओं की सूची, जिसमें इस खिलाड़ी ने किया शानदार प्रदर्शन

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 32 रनों से हराकर जीत लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 158 रन बनाए, जबकि दक्षिण अफ्रीकी टीम इस लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकी और केवल 126 रन बनाकर आउट हो गई। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने पहली बार महिला टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम की है। इससे पहले, न्यूजीलैंड ने 2009 और 2010 में महिला टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचकर ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना किया था।
अमेलिया केर ने किया कमाल
फाइनल में न्यूजीलैंड के लिए अमेलिया केर सबसे बड़ी मैच विनर साबित हुईं। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 रन बनाए और गेंदबाजी में 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। पूरे टूर्नामेंट में अमेलिया ने 135 रन बनाए और 15 विकेट हासिल किए, जिसके कारण उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी मिला। अमेलिया ने अपने दम पर न्यूजीलैंड को खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अफ्रीका को लगातार दूसरे फाइनल में मिली हार
साउथ अफ्रीका के लिए कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए, लेकिन उनके अलावा कोई अन्य खिलाड़ी प्रभावशाली बल्लेबाजी नहीं कर पाया, जिसके कारण टीम को हार का सामना करना पड़ा। महिला टी20 वर्ल्ड कप के पिछले संस्करण में भी साउथ अफ्रीका ने फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन उस समय उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार मिली थी।
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 में पुरस्कार जीतने वाले विजेताओं की सूची:
- प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: अमेलिया केर (135 रन और 15 विकेट)
- फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच: अमेलिया केर (43 रन और 3 विकेट)
- सबसे ज्यादा रन: लौरा वोल्वार्ड्ट (6 पारियों में 223 रन)
- सबसे ज्यादा विकेट: अमेलिया केर (6 पारियों में 15 विकेट)
- एक मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी: करिश्मा रामहरैक (बांग्लादेश के खिलाफ 17 रन देकर 4 विकेट)
- हाईएस्ट स्कोर: एनेके बॉश (सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया बनाम 74)
- हाईएस्ट स्ट्राइक रेट: डीएंड्रा डॉटिन (162.16)
- सर्वाधिक छक्के: डीएंड्रा डॉटिन (5 पारियों में 9 छक्के)
- सर्वाधिक 50+ स्कोर: हरमनप्रीत कौर (4 पारियों में 2 अर्द्धशतक)
- सर्वाधिक कैच: सूजी बेट्स (6 पारियों में 7 कैच)
