न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची है, जिसका पहला मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 16 अक्टूबर से खेला जाएगा। इस सीरीज के खत्म होने के तुरंत बाद कीवी टीम श्रीलंका के दौरे पर जाएगी, जहां उसे 2 टी20 और 3 वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है। 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी से पहले यह सीरीज न्यूजीलैंड के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इस दौरान वे टूर्नामेंट की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने इस पूरे दौरे का शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसमें 9 नवंबर से 2 टी20 मैचों की सीरीज और उसके बाद 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी।

वनडे सीरीज की शुरुआत 13 नवंबर से होगी

न्यूजीलैंड की टीम भारत दौरे पर अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला 1 से 5 नवंबर तक मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी, जिसके बाद वे श्रीलंका के दौरे के लिए रवाना हो जाएगी। वहां 2 मैचों की टी20 सीरीज के मुकाबले 9 और 10 नवंबर को दांबुला में होंगे। इसके बाद दोनों टीमों के बीच 13 नवंबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी, जिसका पहला मुकाबला भी दांबुला में ही खेला जाएगा। वनडे सीरीज के बाकी दो मुकाबले 17 और 19 नवंबर को कैंडी में खेले जाएंगे। हाल के लिमिटेड ओवर्स मुकाबलों में श्रीलंका का प्रदर्शन शानदार रहा है, जिससे यह सीरीज कीवी टीम के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकती है।

न्यूजीलैंड को टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। श्रीलंका के खिलाफ लिमिटेड ओवर्स सीरीज की घोषणा से पहले, न्यूजीलैंड की टीम ने हाल ही में मेजबान टीम के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली, जिसमें उन्हें एकतरफा हार झेलनी पड़ी। इस दौरे में खराब प्रदर्शन के बाद, टिम साउदी ने न्यूजीलैंड टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया। इसके बाद, भारत के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए टॉम लेथम को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है।