राँची: पंजाब नैशनल बैंक के मंडल कार्यालय राँची उत्तर एवं दक्षिण कार्यालय में दक्षिणी मंडल प्रमुख श्री दीपक कुमार श्रीवास्तव एवं उत्तरी मंडल प्रमुख श्री रतिकांत त्रिपाठी की अध्यक्षता में सामाजिक दूरी का अनुपालन करते हुए हिन्दी दिवस समारोह का आयोजन किया गया।
इस दौरान दक्षिणी मंडल प्रमुख ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए सभी स्टाफ सदस्यों से कहा कि "इस वैश्विक महामारी में जब चीजें सबके नियंत्रण के बाहर है, दिन प्रतिदिन नई-नई मुश्किलें आती जा रही हैं बावजूद इस सबके हिंदी माह का आयोजन करना अपने आप में एक चुनौती से कम नहीं था लेकिन आप सभी के दृढ़ इच्छा के कारण हिंदी माह का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा सका।"
उन्होंने आगे कहा, "हम सबने पिछले एक माह के दौरान राजभाषा कार्यान्वयन को लेकर जो रूचि दिखाई है, जो अनूठे पहल किए हैं, अपने रोजाना के कार्यों में जो ज्यादा से ज्यादा राजभाषा का प्रयोग किया है उसे ऐसे ही इसी उत्साह के साथ जारी रखने की जरूरत है।"
इस अवसर पर​ राँची दक्षिण के उपमंडल प्रमुख श्री अमित कुमार राउत, मुख्य प्रबंधक श्री इंद्रजीत कुमार, श्री अमित कुमार, श्री संदीप लाल, श्री संजय सुमन, श्री कलिन्द्र साहू, श्री वी. के सिंह इत्यादि गणमान्य सदस्य भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन राजभाषा अधिकारी अन्नु यादव द्वारा तथा धन्यवाद ज्ञापन सहायक महाप्रबंधक श्री अमित कुमार राउत द्वारा किया गया।