केंद्रीय ऊर्जा सचिव श्री आलोक कुमार ने किया एसजेवीएन की जल विद्युत परियोजनाओं का दौरा
केंद्रीय ऊर्जा सचिव श्री आलोक कुमार (आईएएस) ने चिनाब बेसिन (हिमाचल प्रदेश) में स्थित एसजेवीएन की जल विद्युत परियोजनाओं का दौरा किया और उनकी यात्रा के दौरान उनके साथ एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निर्देशक श्री नंद लाल शर्मा रहें

नई दिल्ली : केंद्रीय ऊर्जा सचिव श्री आलोक कुमार (आईएएस) ने चिनाब बेसिन (हिमाचल प्रदेश) में स्थित एसजेवीएन की जल विद्युत परियोजनाओं का दौरा किया और उनकी यात्रा के दौरान उनके साथ एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निर्देशक श्री नंद लाल शर्मा रहें।
चिनाब घाटी में श्री आलोक कुमार के आगमन पर एसजेवीएन अधिकारियों, स्थानीय प्रशासन और स्थानीय लोगों द्वारा गर्मजोशी से उनका पारंपरिक स्वागत किया गया। श्री आलोक कुमार ने श्री नंद लाल शर्मा के साथ हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिले में स्थित 268 मेगावाट राशिल टांडी जल विद्युत परियोजना और 166 मेगावाट बदरंग जल विद्युत परियोजना के परियोजना स्थलों का दौरा किया।
एसजेवीएन के सीएमडी श्री नंद लाल शर्मा ने माननीय सचिव को अवगत कराया कि एसजेवीएन चिनाब बेसिन में 1400 मेगावाट से अधिक की कुल क्षमता वाली सात परियोजनाओं का विकास कर रहा है। ऐसे दूरस्थ स्थानों में जल विद्युत के विकास से संबंधित मुद्दों पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया।
श्री आलोक कुमार, विद्युत सचिव ने ऐसी दूरस्थ और शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में हाइड्रो पावर परियोजनाओं को विकसित करने के लिए एसजेवीएन प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने चिनाब बेसिन में एसजेवीएन को आवंटित सभी परियोजनाओं की शेष जांच को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का भी निर्देश दिया।
श्रीमती गीता कपूर, निर्देशक (कार्मिक), एसजेवीएन, चिनाब परियोजनाओं के प्रमुख और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी माननीय सचिव के दौरे के दौरान उपस्थित रहें।
