एसजेवीएन को जीयूवीएनएल से 100 मेगावाट परियोजना के लिए एलओआई हुआ प्राप्त
श्री नंद लाल शर्मा, अध्यक्ष एवं प्रबंध निर्देशक, एसजेवीएन ने सूचित किया कि एसजेवीएन को गुजरात में 100 मेगावाट ग्रिड से जुड़ी पवन ऊर्जा परियोजना के लिए गुजरात ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड से आशय पत्र (एलओआई) प्राप्त हुआ है।

नई दिल्ली : श्री नंद लाल शर्मा, अध्यक्ष एवं प्रबंध निर्देशक, एसजेवीएन ने सूचित किया कि एसजेवीएन को गुजरात में 100 मेगावाट ग्रिड से जुड़ी पवन ऊर्जा परियोजना के लिए गुजरात ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड से आशय पत्र (एलओआई) प्राप्त हुआ है। एसजेवीएन ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एसजेवीएन की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी) ने मई 2023 में एक खुली प्रतिस्पर्धी टैरिफ बोली प्रक्रिया में 3.17 रुपये प्रति यूनिट के टैरिफ पर 100 मेगावाट की पवन परियोजना हासिल की है।
श्री नंद लाल शर्मा ने कहा कि इस परियोजना के निर्माण और विकास की अनुमानित लागत 800 करोड़ रुपये होगी। परियोजना को ईपीसी अनुबंध के माध्यम से गुजरात में बिल्ड ओन एंड ऑपरेट (बीओओ) के आधार पर विकसित किया जाएगा। जीयूवीएनएल और एसजेवीएन के बीच शीघ्र ही बिजली खरीद समझौते (पीपीए) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
श्री नंद लाल शर्मा ने आगे अवगत कराया कि परियोजना के शुरू होने के बाद पहले वर्ष में 281 मिलियन यूनिट उत्पन्न होने की उम्मीद है और 25 वर्षों की अवधि में अनुमानित संचयी ऊर्जा उत्पादन 7025 मिलियन यूनिट है। इस परियोजना के चालू होने से 344255 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी आने की उम्मीद है। वर्तमान में, एसजेवीएन की स्थापित क्षमता 2091.5 मेगावाट है जिसमें 97.6 मेगावाट के 2 पवन ऊर्जा स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा एसजेवीएन 100 मेगावाट की दो पवन परियोजनाएं विकसित कर रहा है।
कंपनी 2023-24 तक 5000 मेगावाट, 2030 तक 25000 मेगावाट और 2040 तक 50000 मेगावाट के अपने साझा विजन को हासिल करने के लिए तेजी से आगे बढ़ रही है। यह साझा विजन 2030 तक गैर जीवाश्म ईंधन आधारित ऊर्जा संसाधनों से 50 प्रतिशत ऊर्जा पैदा करने की भारत सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप तैयार किया गया है।
