अप्रैल माह में रिकॉर्ड कोयला उत्पादन के साथ एसईसीएल ने की नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत
14.12 मिलियन टन उत्पादन के साथ किसी भी अप्रैल माह में सर्वाधिक उत्पादन

नई दिल्ली : नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत एसईसीएल ने कोयला उत्पादन, ओबीआर एवं डिस्पैच में नया रिकॉर्ड बनाकर की है। बीते माह अप्रैल 2023 के कार्य संचालन के नतीजे एसईसीएल के लिए बेहद उत्साहजनक रहे हैं। कम्पनी ने 14.12 मिलियन टन कोयला उत्पादन किया है जो कि कम्पनी की स्थापना से किसी भी अप्रैल माह में किया गया अब तक का सर्वाधिक उत्पादन है। पिछले वित्तीय वर्ष 22-23 के अप्रैल माह से अगर तुलना करें तो कंपनी ने लगभग 1.24 मिलियन टन की वृद्धि दर्ज की है।
कंपनी ने हाल ही में समाप्त हुए वित्तीय वर्ष 2022-23 में रिकॉर्ड 167 मिलियन टन कोयला उत्पादन दर्ज किया है जो कि कंपनी के इतिहास का सर्वाधिक कोयला उत्पादन है। वित्तीय वर्ष 23-24 के लिए कंपनी को 200 मिलियन टन कोयला उत्पादन का वार्षिक लक्ष्य मिला हुआ है।
