New Delhi- वेकोलि मुख्यालय में 07.09.22 को अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार की अध्यक्षता में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में विशिष्ट अतिथि के रूप में निदेशक (कार्मिक) डॉ. संजय कुमार, निदेशक तकनीकी (संचालन) श्री जे. पी. द्विवेदी एवं निदेशक तकनीकी (योजना एवं परियोजना) श्री ए. के. सिंह उपस्थित रहे।

सीएमडी, श्री मनोज कुमार ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि हिंदी सर्वाधिक बोले जाने वाली भाषा है। अतः इस भाषा के प्रयोग से सभी अंश धारकों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकता है।

उन्होंने सभी से अधिकतर कार्य हिंदी में करने के निर्देश दिए। उन्होंने सितंबर माह में राजभाषा पखवाड़े को उत्साह पूर्वक मनाने के लिए कहा और सभी को अग्रिम शुभकामनाएं दी। उन्होंने 14-16 सितम्बर 2022 को सूरत (गुजरात) में होने वाली द्वितीय अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला और सभी को इसके बारे में अवगत कराया। निदेशक (कार्मिक) डॉ. संजय कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि सभी को स्वैच्छिक रूप से हिंदी पखवाड़ा के दौरान आयोजित की गई प्रतियोगिताओं में सहभाग लेना चाहिए।

उन्होंने कर्मियों को प्रशिक्षित किया जाने की बात पर भी बल दिया और राजभाषा विभाग के प्रयासों की सराहना की। बैठक में सभी क्षेत्रों तथा मुख्यालय के विभागों की हिंदी पत्राचार की स्थिति की समीक्षा की गई।

इस संबंध में प्रस्तुत, हिंदी पत्राचार के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया एवं हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग करने की बात पर बल दिया गया। बैठक में मुख्यालय के विभागाध्यक्ष गण एवं क्षेत्रों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन डॉ. मनोज कुमार, उप प्रबंधक (राजभाषा) ने किया। इस अवसर पर सभी को हिंदी साहित्य और महान क्रांतिकारियों की जीवनी आदि पुस्तकें भेंट की गई।