पटना में पावरग्रिड का दो दिवसीय टीकाकरण अभियान, 350 से अधिक कर्मियों ने लगाया टीका

पटना: बिजली मंत्रालय के तहत सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम पावरग्रिड अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों को कोविड-19 महामारी से बचाने के लिए देश भर में कई टीकाकरण अभियान चला रहा है। पावरग्रिड के सभी प्रतिष्ठानों में टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। ये टीकाकरण अभियान राष्ट्रीय मिशन के हिस्से के रूप में आयोजित किए जा रहे हैं।
19 एवं 20 मई 2021 को क्षेत्रीय मुख्यालय पटना में दो दिवसीय टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आरएचक्यू, पटना के कर्मियों के साथ-साथ पटना सब-स्टेशन और बिहार ग्रिड कंपनी लिमिटेड के कर्मियों का टीकाकरण किया गया। शिविर का आयोजन पटना जिला टीकाकरण की देखरेख में किया गया।
पावरग्रिड के पूर्वी क्षेत्र - I द्वारा अब तक के सबसे बड़े 2-दिवसीय शिविर में 350 से अधिक कर्मियों, जिनमें कर्मचारी उनके आश्रित, परिवार और अनुबंध कर्मचारी शामिल हैं, का टीकाकरण किया गया।
आरा, बिहारशरीफ, सहरसा और मुजफ्फरपुर सब-स्टेशनों पर कर्मचारियों, उनके परिवार के सदस्यों और ठेका कर्मियों और सुरक्षा कर्मचारियों के लिए टीकाकरण अभियान भी चलाया गया.
