नई दिल्ली: वीर सावरकर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, पोर्ट ब्लेयर में जल्द ही एक नया टर्मिनल भवन बनने जा रहा है। हवाई अड्डा वर्तमान में सालाना 18 लाख यात्रियों को संभालता है। यात्री यातायात में वृद्धि को देखते हुए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने रु700 करोड़ की लागत से न्यू इंटीग्रेटेड टर्मिनल बिल्डिंग के निर्माण का कार्य शुरू किया है। 
 
40,837 वर्ग मीटर के कुल निर्मित क्षेत्र के साथ, न्यू टर्मिनल बिल्डिंग पीक ऑवर्स के दौरान 1200 यात्रियों और लगभग 50 लाख यात्रियों को सालाना संभालने में सक्षम होगी। नए यात्री टर्मिनल भवन में तीन मंजिलें होंगी। निचली मंजिल का उपयोग दूरस्थ आगमन, प्रस्थान और सेवा क्षेत्र के रूप में किया जाएगा, ऊपरी मंजिल में प्रस्थान यात्रियों के लिए प्रवेश द्वार और आगमन यात्रियों के लिए निकास द्वार और अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय के रूप में पहली मंजिल होगी।
 
विश्व स्तरीय इमारत पूरी तरह से वातानुकूलित है और 28 चेक-इन काउंटरों, तीन यात्री बोर्डिंग पुलों, इन-लाइन स्कैन सिस्टम और अत्याधुनिक फायरफाइटिंग प्रणाली और फायर अलार्म, पांच कन्वेयर बेल्ट के साथ आधुनिक यात्री सुविधाओं से सुसज्जित होगी। एयरपोर्ट के सिटी साइड एरिया को कार, टैक्सी और बसों के लिए लैंडस्केपिंग के साथ पर्याप्त पार्किंग सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा।
 
प्रकृति से प्रेरित, टर्मिनल का डिजाइन समुद्र और द्वीपों को दर्शाती एक खोल के आकार की संरचना है। नई टर्मिनल बिल्डिंग एक स्ट्रक्चरल स्टील फ्रेम वाली बिल्डिंग है, जिसमें एल्युमिनियम शीट की छत है। पूरे टर्मिनल में छत के स्तर पर प्रदान किए गए रोशनदानों के माध्यम से 100 प्रतिशत प्राकृतिक प्रकाश व्यवस्था होगी। टर्मिनल बिल्डिंग के चारों ओर घुमावदार आकार का केबल नेट ग्लेज़िंग प्रदान की जाएगी। यह पोर्ट ब्लेयर हवाई अड्डे पर पहली बार इतने बड़े पैमाने में पेश किया गया है।
 
65% से अधिक परियोजना का काम पूरा हो गया है और पोर्ट ब्लेयर का नया टर्मिनल भवन अगले साल के अंत तक यानी 2021 तक तैयार हो जाएगा।