New Delhi- 14 सितम्बर 2022 से प्रारम्भ राजभाषा हिंदी पखवाड़ा का आज 28 सितम्बर 2022 को समापन हुआ। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि, अध्यक्ष-सह- प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार ने हिंदी में सर्वाधिक कार्य करने के लिए "क" क्षेत्र में पाथाखेड़ा और "ख" क्षेत्र में वणी को राजभाषा शील्ड प्रदान की। समापन समारोह में पखवाड़े के दौरान आयोजित सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। 
 
इस अवसर पर सीएमडी श्री मनोज कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि हिन्दी एक सरल भाषा है और हमें इस भाषा को पूर्णतः अपनाना चाहिए। उन्होंने हिंदी भाषा के प्रसार के लिए अधिक प्रोत्साहन देने पर बल दिया। जीवन में मातृ भाषा के स्थान को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने हिंदी भाषा के साथ स्थानीय भाषाओं को अपनाने की भी बात कही। उन्होंने सभी से, दैनंदिन वार्तालाप के साथ ही कार्यालय के कामकाज में भी हिंदी भाषा का इस्तेमाल करने का आह्वान किया।
 
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि निदेशक तकनीकी (संचालन) श्री जे. पी. द्विवेदी ने अपने संबोधन में राजभाषा पखवाड़े को नई शुरुआत बताते हुए आग्रह किया कि सभी हिंदी भाषा के लिए वर्ष भर समर्पित रहे। उन्होंने वर्तमान स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि वेकोलि में हिंदी भाषा के व्यापक इस्तेमाल के लिए वातावरण अनुकूल है। भाषा में सरल शब्दों के प्रयोग पर बल देते हुए उन्होंने कर्मियों से अधिक से अधिक कार्य राजभाषा हिंदी में करने का आग्रह किया। 
 
इस अवसर पर निदेशक तकनीकी (योजना एवं परियोजना) श्री ए. के. सिंह की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएँ दी।  
 
समारोह के प्रारंभ में अतिथि गण ने माँ सरस्वती की वंदना की एवं महान क्रांतिकारी भगत सिंह की जयंती के निमित्त उनके चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर आदर व्यक्त किया। इसके उपरान्त महाप्रबंधक (कार्मिक/जनसंपर्क) एवं राजभाषा प्रमुख श्री पी. नरेन्द्र कुमार ने पुस्तक भेंट कर सभी अतिथियों का स्वागत किया। अपने स्वागत भाषण में उन्होंने बताया की पखवाड़े के सभी 15 दिनों पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था।
 
इनमें टिप्पण एवं आलेखन, भाषण, स्व-रचित काव्य, स्लोगन, अंताक्षरी, प्रश्न मंच आदि की प्रतियोगिताएं आयोजित की गयी। साथ ही व्याख्यान एवं राजभाषा कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। उन्होंने कंपनी में हिंदी के बढ़ते प्रचलन का जिक्र करते हुए हिंदी भाषा के प्रचार एवं प्रसार के उद्देश्य से लिए गए विविध कार्यों के बारे में अवगत कराया। 
 
कंपनी स्तरीय स्व-रचित काव्य स्पर्धा के प्रथम और द्वितीय विजेताओं क्रमशः श्री बालचंद्र राम, नागपुर क्षेत्र और श्री अक्षय निगम, पेंच क्षेत्र, ने अपनी रचनाओं का पाठ किया, जिनका सभी ने भरपूर आनंद लिया। इस समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यालय तथा क्षेत्रों के कर्मी गण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन उप प्रबंधक (राजभाषा/जनसंपर्क) डॉ. मनोज कुमार ने किया।