एनटीपीसी ने कैप्टिव माइन्स से कोयला उत्पादन में दर्ज की 148 प्रतिशत की वृद्धि
एनटीपीसी ने वित्त वर्ष 2023 में 23.2 मिलियन टन का कोयला उत्पादन दर्ज किया है जो एक साल पहले 14.02 मिलियन टन के मुकाबले लगभग 65 प्रतिशत अधिक है।

नई दिल्ली : भारत के सबसे बड़े एकीकृत बिजली उत्पादक एनटीपीसी लिमिटेड ने अप्रैल 2023 में अपनी कैप्टिव खदानों से पिछले साल अप्रैल में दर्ज उत्पादन की तुलना में लगभग 148 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। एनटीपीसी ने अप्रैल 2023 के महीने के दौरान 2.75 मिलियन मीट्रिक टन (एमएमटी) कोयला उत्पादन दर्ज किया जबकि अप्रैल 2022 के महीने में ये उत्पादन 1.11 एमएमटी रिकॉर्ड किया गया था।
कंपनी ने कोयला निकालने की मात्रा में वृद्धि हासिल की है और अपनी चार परिचालन कोयला खदानों-एनटीपीसी पकरी-बरवाडीह (झारखंड), एनटीपीसी चट्टी बरियातु (झारखंड), एनटीपीसी दुलंगा (ओडिशा) और एनटीपीसी तलाईपल्ली (छत्तीसगढ़) से एनटीपीसी ने वित्त वर्ष 2023 में 23.2 मिलियन टन का कोयला उत्पादन दर्ज किया है जो एक साल पहले 14.02 मिलियन टन के मुकाबले लगभग 65 प्रतिशत अधिक है।
कोयला खनन टीमों द्वारा की गई डिजिटलीकरण की पहलों ने खनन कार्यों को करने में उत्कृष्टता बढ़ाने में मदद की है। बेहतर प्रक्रियाओं ने खनन कार्यों में सुरक्षा बढ़ाने में सहायता की है। एनटीपीसी समूह की स्थापित क्षमता 71,644 मेगावाट है।
