आज दिनांक 14 सितंबर, 2021 को विज्ञान भवन, नई दिल्‍ली में हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें राजभाषा के क्षेत्र के सर्वोच्‍च पुरस्‍कार “राजभाषा कीर्ति पुरस्‍कार” प्रदान किए गए।  
 
एनएमडीसी लिमिटेड, हैदराबाद को वर्ष 2019-20 के लिए ‘ग’ क्षेत्र के उपक्रमों की श्रेणी में तृतीय पुरस्‍कार प्राप्‍त हुआ। यह पुरस्‍कार भारत के माननीय गृह राज्‍य मंत्री श्री निशिथ प्रामाणिक एवं श्री अजय कुमार मिश्रा ने प्रदान किया, जिसे एनएमडीसी लिमिटेड की ओर से श्री शिव षणमुगनाथन, अधिशासी निदेशक (कारपोरेट कार्य) ने ग्रहण किया।
 
 
समारोह की अध्‍यक्षता माननीय केन्‍द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने की। इस अवसर पर एनएमडीसी लिमिटेड की दोणिमलै लौह अयस्‍क खान में कार्यरत श्री शैलेश शुक्‍ल, सहायक प्रबंधक (राजभाषा) को उनके प्रकाशित लेख के लिए “राजभाषा गौरव पुरस्‍कार” भी प्रदान किया गया।  
 
 
उल्‍लेखनीय है कि एनएमडीसी को राजभाषा कीर्ति पुरस्‍कार निरंतर तीसरे वर्ष प्राप्‍त हुआ है, जो राजभाषा कार्यान्‍वयन के प्रति निगम की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
 
प्रतिवर्ष राजभाषा संगोष्ठियों का आयोजन, छ:माही राजभाषा गृह पत्रिका “खनिज भारती” का नियमित प्रकाशन, नगर स्‍तर पर अन्‍य उपक्रमों के कार्मिकों के लिए हिंदी कार्यशाला एवं हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन, मुख्‍यालय तथा अधीनस्‍थ कार्यालयों में प्रत्‍येक तिमाही में हिंदी कार्यशालाओं का आयोजन, मासिक हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन एवं हिंदी में कार्यालयीन कार्य निष्‍पादित करने पर कार्मिकों के लिए मासिक प्रोत्‍साहन योजना आदि के माध्‍यम से एनएमडीसी लिमिटेड राजभाषा प्रयोग में उत्‍तरोत्‍तर वृद्धि के लिए कटिबद्ध है।