NEW DELHI- श्री सी.आर. दास, परियोजना प्रमुख, तीस्ता-V पावर स्टेशन एवं तीस्ता-IV जल विद्युत परियोजना ने दिनांक 11.07.2022 को डॉ. राजकुमार रंजन सिंह, माननीय राज्य मंत्री, विदेश मंत्रालय, भारत सरकार से राजभवन, गंगटोक में मुलाकात की। इस अवसर पर श्री सी.आर. दास के साथ एनएचपीसी के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। 
 
श्री सी.आर. दास ने माननीय मंत्री को तीस्ता- IV जल विद्युत परियोजना की पृष्ठभूमि तथा वर्तमान स्थिति के संबंध में जानकारी दी और परियोजना से संबंधित लंबित मुद्दों के विषय में विस्तार से बताया। माननीय मंत्री जी ने सभी मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुना और तीस्ता-IV परियोजना के शुरू होने की इच्छा व्यक्त की।
 
माननीय मंत्री जी ने बैठक के दौरान उपस्थित स्थानीय नेताओं को भी निदेश दिया कि वे परियोजना संबंधी मामले को जिला प्रशासन के साथ उठाएं और परियोजना के लाभों (प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष) के संबंध में स्थानीय लोगों को जागरूक करें। 
 
माननीय मंत्री जी ने स्थानीय नेताओं को वन अधिकार अधिनियम, 2006 के अनुपालन के लिए हर संभव कदम उठाने के लिए भी कहा ताकि वन मंजूरी चरण- II प्रदान किया जा सके। माननीय मंत्री जी ने तीस्ता-IV जल विद्युत परियोजना के लिए अपनी ओर से हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।