NEW DELHI- नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की वार्षिक अंतरक्षेत्रीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता वर्ष 2021-22 दिनांक 25 से 27 फरवरी 2022 तक कृष्णशिला क्षेत्र में सम्पन्न हुई।
 
इस तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान एनसीएल के 12 क्षेत्र व इकाइयों से महिला व पुरुष प्रतिभागियों को मिलाकर लगभग 170 लोगों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया।  
 
इस प्रतियोगिता में भारत की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाने वाली अनेक विधायेँ जैसे शास्त्रीय संगीत व नृत्य की विभिन्न विधाएँ, लोक संगीत, कव्वाली, भजन, गजल, फिल्मी गाने, भारतीय एवं पश्चिमी वाद्ययंत्रों जैसे तबला, बांसुरी, सिंथेसाइजर इत्यादि पर वादन ,हास्य प्रसंग, ऑर्केस्ट्रा इत्यादि शामिल रहीं।
 
इस तीन दिवसीय प्रतियगिता में अंकों के आधार पर निगाही क्षेत्र की टीम ओवरऑल विजेता तथा एनसीएल मुख्यालय की टीम उपविजेता रही।
 
समापन समारोह के दौरान एनसीएल के निदेशक (वित्त एवं कार्मिक) श्री राम नारायण दुबे  बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।
 
श्री दुबे ने सभी प्रतिभागियों को खदान की कठिन परिस्थितियों में काम करते हुए भी अपनी अपनी विधाओं में एक मझे हुए कलाकार की तरह प्रदर्शन करने के लिए बधाई दी।
 
श्री दुबे ने गायन, वादन, नृत्य व अन्य रुचि की गतिविधियों को बेहतर मानसिक स्वास्थ्य एवं खुशहाली का आधार बताया और कहा कि यह कार्यक्षेत्र में भी हमारे प्रदर्शन को सुधारती है। श्री दुबे ने कर्मियों की छुपी प्रतिभाओं को निखारने के लिए एनसीएल प्रबंधन की ओर से हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।
 
इस अवसर पर एनसीएल के जेसीसी सदस्य बीएमएस से श्री माया शंकर सिंह , सीएमएस से श्री अजय कुमार , एचएमएस से श्री अशोक कुमार पांडेय, सीएमओएआई के महासचिव श्री सर्वेश सिंह, महाप्रबंधक- कृष्णशिला श्री एस पी सिंह, एनसीएल स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य, क्षेत्रीय श्रमिक संघ के प्रतिनिधि, अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
 
गौरतलब है कि कर्मियों के सर्वांगीण विकास के लिए एनसीएल में प्रतिवर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रम ,खेल कूद प्रतियोगिताओं व इसी तरह के अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
 
प्रतियोगिता के दौरान प्रयागराज के जाने माने संगीत व नृत्य विशेषज्ञ पंडित विजय चन्द्र, श्री विवेक विशाल एवं श्री प्रशांत कुमार ने निर्णायक मण्डल की भूमिका निभाई।