नई दिल्ली : ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र के सम्मेलन कक्ष में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें कुनुस्तोड़िया व पांडवएश्वर क्षेत्र के कार्मिक व अन्य अधिकारियों को जेम पोर्टल (GeM Portal) के माध्यम से निविदा प्रक्रिया की विस्तृत व विधिवत जानकारी दी गई। निविदा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जेम पोर्टल को प्रभाव में लाया गया है जिसकी कार्यप्रणाली को समझाने हेतु इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को आयोजित किया गया। 

ईसीएल मुख्यालय के सीएमसी विभाग से आए ईशान गोयल, प्रबंधक (खनन) व उज्ज्वल अभिषेक, उप प्रबंधक (खनन) ने उपस्थित सभी को प्रशिक्षित किया और जेम पोर्टल (GeM Portal) से संबंधित सभी की शंकाओं का समाधान किया।
 
कार्यक्रम में उपस्थित सभी का स्वागत क्षेत्रीय महाप्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा ने किया और उन्होंने ही समापन के दौरान इस विशिष्ट आयोजन में भागीदारी हेतु आभार प्रकट किया।
जेम पोर्टल के बारे में
 
गवर्नमेंट ई मार्केटप्लेस (GeM) विभिन्न सरकारी विभागों/संगठनों/सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा आवश्यक सामान्य उपयोग की वस्तुओं और सेवाओं की ऑनलाइन खरीद की सुविधा प्रदान करता है। GeM का उद्देश्य सार्वजनिक खरीद में पारदर्शिता, दक्षता और गति को बढ़ाना है। यह सरकारी उपयोगकर्ताओं की सुविधा के लिए ई-बिडिंग, रिवर्स ई-नीलामी और मांग एकत्रीकरण के उपकरण प्रदान करता है।
वित्त मंत्रालय ने सामान्य वित्तीय नियम, 2017 में एक नया नियम संख्या 149 जोड़कर सरकारी उपयोगकर्ताओं द्वारा जीईएम के माध्यम से खरीदारी को अधिकृत और अनिवार्य कर दिया है।