नई दिल्ली- रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह द्वारा संगठनात्मक आवश्यकताओं के अनुरूप टेरीटोरियल आर्मी (टीए) की महिला अधिकारियों की नियंत्रण रेखा पर टेरीटोरियल आर्मी की इंजीनियर रेजिमेंटों और नई दिल्ली में टीए समूह मुख्यालय/ टेरीटोरियल आर्मी महानिर्देशालया में स्टाफ ऑफिसर के रूप में तैनाती के लिए मंजूरी दी गयी है।

इस प्रगतिशील नीतिगत कदम का उद्देश्य महिला अधिकारियों की नियुक्ति के दायरे को बढ़ाने के साथ-साथ उनकी पेशेवर आकांक्षाओं को पूरा करना है। 

टेरिटोरियल आर्मी के द्वारा 2019 से इकोलॉजिकल टास्क फोर्स यूनिट्स, टीए ऑयल सेक्टर यूनिट्स और टीए रेलवे इंजीनियर रेजिमेंट में महिला अधिकारियों की नियुक्ति शुरू की गयी थी। इस अवधि के दौरान प्राप्त हुए अनुभवों के आधार पर, टीए में महिला अधिकारियों के लिए और अधिक नियुक्ति का दायरा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

टेरिटोरियल आर्मी नागरिक सैनिकों की सेना की अवधारणा पर आधारित है और इसके अधिकारी नागरिक जीवन में लाभकारी रूप से कार्यरत रहते हुए बुनियादी सैन्य कौशल से संबंधित वार्षिक प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं।