New Delhi- श्री अनिल कुमार जैन (आईएएस)] कोयला सचिव, भारत सरकार एवं श्री प्रमोद अग्रवाल (आईएएस)] अध्यक्ष, कोल इंडिया लिमिटेड ने दिनांक 16.08.2022 को वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में पत्रकार वार्त्ता में पत्रकारों को संबोधित किया। वार्त्ता के प्रारंभ में माननीय श्री अनिल कुमार जैन (आईएएस), कोयला सचिव, भारत सरकार ने कहा कि कोल कर्मचारियों की पेंशन योजना को सुदृढ, सशक्त और घाटे की भरपाई को दूर करने का निर्णय सीएमपीएफ की बैठक में लिया गया है। बैठक में सहमति बनी कि सीएमपीएफ फंड में सीएमपीएफ एक्ट के तहत् वैधानिक रूप से वृद्धि की जाय। 
 
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होनें कहा कि वर्तमान में सीएमपीएफ के लिए 10 रूपये प्रतिटन का प्रावधान है, इसके लिए हमारा प्रस्ताव है कि इसको बढ़ाकर 20 रूपये प्रतिटन किया जाय, ताकि कोयला कर्मियों को नियमित और समयबद्ध रूप से पेंशन मिलती रहे।
 
इस अवसर पर श्री जैन ने कोयला आपूर्ति के बारे में कहा कि लगातार देश में ऊर्जा की खपत बढ़ती जा रही है, जिसे पूरा करना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होनें विद्युत संयंत्रों को नियमित और पर्याप्त कोयला उपलब्ध करवाने का विश्वास व्यक्त किया। उन्होंनें बताया कि हमारा अधिकतर कोयला खुली खदानों से निकाला जाता है और अतिवृष्टि के कारण कोयला उत्पादन प्रभावित हुआ है, जिसकी आपूर्ति वर्षा के बाद यथाशीघ्र की जायेगी।
 
महाजेनको को दिए जाने वाले कोयले की आपूर्ति हमने अन्य कंपनी एमसीएल और एसईसीएल से की है, ताकि राज्य की बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से होती रहे। उन्होंने कोयला खदानों की नीलामी के संबंध में बताया कि इसके ई-ऑक्शन की प्रक्रिया को अपनाया गया है, जो पूर्णतः पारदर्शी है।
 
आगे उन्होंने बताया कि देश की ऊर्जा की मांग को देखते हुए 2024-25 में कोल इंडिया लिमिटेड का एक बिलियन टन कोयला उत्पादन करने का लक्ष्य है। आगे श्री जैन ने बताया कि कोल इंडिया लिमिटेड ने इस वित्तीय वर्ष में अब तक, गत वर्ष की इसी अवधि में 20 प्रतिशत अधिक कोयला उत्पादन किया है। 
 
पत्रकारों द्वारा पूछे गये सवाल कि वेकोलि में कोल गैसीफिकेशन प्लांट की क्या स्थिति है? इसके संबंध में उन्होंने बताया कि वेकोलि के माजरी क्षेत्र में कोल गैसीफिकेशन का प्लांट लगना है, जिसके लिए निविदा जारी की जा चुकी है और जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगें।
 
इस अवसर पर कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष, श्री प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि  विद्युत संयंत्रों को कोयला उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। कोविड के दौरान देश में जहां कोयले का आयात बंद था, उस दौरान कोल इंडिया लिमिटेड एवं उसकी अनुषंगी कंपनियों ने देश में कोयले की मांग को भरपूर मात्रा में पूरा किया है। कोयला एक महत्वपूर्ण खनिज है और भविष्य में अन्य ऊर्जा स्रोतों की अपेक्षा इसकी मांग बनी रहेगी और देश की इस मांग की आपूर्ति को सुनिश्चित करना हमारा लक्ष्य है।
 
पत्रकार वार्ता के पश्चात श्री अनिल कुमार जैन और श्री प्रमोद अग्रवाल ने वेकोलि की समीक्षा बैठक ली। बैठक में श्री जैन ने बरसात के बाद कोयला उत्पादन और प्रेषण को गति देने के निर्देश दिए। बैठक में श्री प्रमोद अग्रवाल ने भी वेकोलि को निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कहा।
 
इस अवसर पर कोल इंडिया के निदेशक (कार्मिक) श्री विनय कुमार रंजन, वेकोलि के सीएमडी श्री मनोज कुमार, निदेशक (कार्मिक) डॉ. संजय कुमार, निदेशक, तकनीकी (संचालन) श्री जे. पी. द्विवेदी, निदेशक तकनीकी (योजना एवं परियोजना) श्री ए. के. सिंह, सीवीओ श्री अमित कुमार श्रीवास्तव, कोल इंडिया लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक एवं अध्यक्ष के तकनीकी सचिव श्री मनोज कुमार सिंह, सुश्री संतोष, डीडीजी, कोयला मंत्रालय, समस्त क्षेत्रीय महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी गण प्रमुखता से उपस्थित रहे।