एयरबस ने C295 विमान कार्यक्रम के लिए BEL के साथ अनुबंध पर किए हस्ताक्षर

NEW DELHI-भारत सरकार के प्रतिष्ठित सी295 विमान प्रोग्राम के तहत अपनी ऑफसेट प्रतिबद्धताओं के तहत और 'मेक इन इंडिया' नीति के अनुरूप, एयरबस डिफेंस एंड स्पेस ने रेडार वार्निंग रिसीवर (RWR) और मिसाइल एप्रोच वार्निंग सिस्टम (MAWS) के निर्माण और आपूर्ति के लिए नवरत्न रक्षा पीएसयू भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के साथ एक संविदा पर हस्ताक्षर किया। 93.15 मिलियन अमरीकी डालर का यह निर्यात ऑर्डर, बीईएल द्वारा प्राप्त अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर है।
इस संविदा पर श्री विनय कुमार कत्याल, निदेशक (बेंगलुरु कॉमप्लेक्स), बीईएल, श्री एम वी राज शेखर, निदेशक (अनुसंधान और विकास), बीईएल, श्री डोमिनिक अर्नल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष (खरीद, आपूर्ति श्रृंखला और लॉजिस्टिक्स / एयरबस डिफेंस एंड स्पेस) और सुश्री अन्निका मुलडर, उपाध्यक्ष (प्रोक्योरमेंट स्ट्रक्चर, मटीरियल्स एंड आईटी / एयरबस डिफेंस एंड स्पेस) द्वारा हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर श्री जॉर्ज टैमरिट डेगनहार्ड्ट, श्री वेंकट कटकुरी, श्री थियरी क्लॉटेट और श्री रोहित श्रीवास्तव (सभी एयरबस से) और श्री मनोज जैन, महाप्रबंधक (इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर एंड एवियोनिक्स), बीईएल, श्री मुरली वी, महाप्रबंधक (वित्त / बेंगलुरु कॉमप्लेक्स), बीईएल, श्री अनिल के सोगी, अपर महाप्रबंधक (डी एंड ई / ईडब्ल्यू एंड ए), बीईएल और श्री एच पी श्रीनिवास राव, अपर महाप्रबंधक (अंतर्राष्ट्रीय विपणन), बीईएल उपस्थित थे।
एयरबस डिफेंस एंड स्पेस भारत सरकार के 'मेक इन इंडिया' सपने को साकार करने की दिशा में सख्ती से काम कर रहा है। “एयरबस डिफेंस एंड स्पेस के साथ की गई संविदा बीईएल द्वारा प्राप्त अब तक का सबसे बड़ा निर्यात ऑर्डर है। हमें खुशी है कि हम C295 प्रोग्राम का हिस्सा हैं” विनय कुमार कत्याल, निदेशक (बेंगलुरू कॉमप्लेक्स), बीईएल ने कहा।
“हम प्रतिष्ठित C295 विमान प्रोग्राम के लिए रेडार चेतावनी रिसीवर (RWR) और मिसाइल एप्रोच वार्निंग सिस्टम (MAWS)के निर्माण और सुपुर्दगी में एयरबस डिफेंस एंड स्पेस के साथ जुड़कर खुश हैं। हम ऐसे और प्रोग्रामों और चुनौतियों के लिए एयरबस के साथ काम करने की आशा करते हैं”, बीईएल की अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक श्रीमती आनंदी रामलिंगम ने कहा।
श्री डोमिनिक अर्नल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष (खरीद, आपूर्ति श्रृंखला और लॉजिस्टिक्स / एयरबस डिफेंस एंड स्पेस) ने कहा-सी295 प्रोग्राम के प्रावधानों के अनुसार भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के साथ साझेदारी करने पर हम गौरवान्वित महसूस करते हैं। यह साझेदारी सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों के औद्योगिक भागीदारों के साथ संपूर्ण रूप से काम करते हुए भारत में रक्षा निर्माण परितंत्र के विकास का समर्थन करने के लिए एयरबस की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।
